जयपुर,गत वर्ष सितंबर माह में अपनी पार्टी का दामन छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामने वाले राजस्थान के बसपा के सभी 6 विधायकों ने शुक्रवार को दिल्ली में विधिवत कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने सभी विधायकों को कांग्रेस का दुपट्टा पहनाया। बसपा को छोड़कर आए इन सभी विधायकों को कांग्रेस में शामिल होने के लिए पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सितंबर में ही अनुमति दे दी थी। शुक्रवार को सभी विधायकों को औपचारिक सदस्यता दी गई। सोनिया गांधी ने सभी विधायकों को शुभकामनाएं दी है। सोनिया से मुलाकात के बाद विधायक रणवीर सिंह गुढ़ा ने कहा कांग्रेस के संकट के समय हनुमान बनकर मदद करता रहूंगा। गुढ़ा ने कहा कि 2008 में भी उन्होंने 6 विधायकों के साथ बसपा से आकर कांग्रेस ज्वॉइन की थी।
कांग्रेस ज्वॉइन करने वाले विधायकों में झुंझुनूं के उदयपुरवाटी विधायक राजेंद्र गुढ़ा, भरतपुर के नगर विधायक वाजिब अली, नदबई विधायक जोगिंदर अवाना, अलवर के तिजारा विधायक संदीप यादव, किशनगढ़बास विधायक दीपचंद खेरिया और करौली विधायक लाखन सिंह शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि करीब चार माह पूर्व बसपा विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रदेश की सियासत जबर्दस्त तरीके से गरमा गई थी। पार्टी के इस कदम से बसपा सुप्रीमो मायावती काफी नाराज हो गई थीं। मायावती ने कांग्रेस पर कई आरोप लगाए थे। बाद में बसपा विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को विलय पत्र भी सौंप दिया था। बसपा विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने से सीएम अशोक गहलोत पार्टी की अंदरूनी सियासत में मजबूत हुए हैं। वहीं कांग्रेस की राज्य सरकार को भी संख्या बल के हिसाब से मजबूती मिली है।
BSP के सभी 6 विधायकों ने राजस्थान में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की
