‘म्हारे सपनों का हरियाणा’ भाजपा ने जारी किया रामराज्य के सिद्धांतों पर बना हरियाणा का संकल्प पत्र

चंडीगढ़, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। भाजपा के इस संकल्प पत्र में 15 अध्याय और 248 बिंदु हैं। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र का नाम ‘म्हारे सपनों का हरियाणा’ दिया है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी का संकल्प पत्र राम राज्य के सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने कहा हमने अपने पिछले संकल्प पत्र के तहत भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस और पारदर्शी प्रशासन मुहैया करवाया। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में कई वादे किए हैं। भाजपा ने संकल्प पत्र के तहत किसानों को हर फसल की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित करने का वादा किया है। किसान कल्याण प्राधिकरण को एक हजार करोड़ रुपए का बजट देने की बात भी कही गई है।
भाजपा के संकल्प पत्र के मुताबिक एसवाईएल के मुद्दे को जल्द से जल्द हल कराने की बात कही गई है। भाजपा ने वादा किया है कि वह दोबारा सत्ता में आई तो युवा विकास एवं स्व रोजगार मंत्रालय का गठन करेगी। इसके साथ ही पांच सौ करोड़ रुपए खर्च करके 25 लाख युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिहाज से कौशल प्रदान करने की बात भी संकल्प पत्र में कही गई है।
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में कहा है कि हरियाणा में सभी आउटसोर्सिंग नौकरियों में डीसी दर को सख्ती से लागू किया जाएगा। हरियाणा के स्थानीय लोगों को 95 फीसदी से ज्यादा रोजगार देने वाले उद्योगों को विशेष लाभ दिए जाने की बात भी इसमें कही गई है। वहीं भाजपा ने संकल्प पत्र में सभी पेंशन की राशि को वार्षिक महंगाई अनुसार बढ़ाने का प्रावधान करने का वादा किया है।
साथ ही राज्य के सभी कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों को दूर करने का वादा भी किया गया है। भाजपा ने साल 2022 तक सभी को पक्का घर प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्य को पूरा करने की बात भी कही है। अपने संकल्प पत्र में भाजपा ने उन परिवारों की दो लड़कियों को मुफ्त शिक्षा देने का वादा भी किया है, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 1.80 लाख रुपए से कम है। छात्राओं के लिए भाजपा ने पिंक बस सेवा शुरू करने की बात कही है।
इसके साथ ही छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके अलावा भाजपा ने महिलाओं की मदद के लिए विशेष केंद्र स्थापित करने की बात कही है। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में दो हजार वेलनेस सेंटर बनाए जाने की बात कही है। साथ ही प्रदेश के हर गांव में दैनिक बस सेवा सुनिश्चित करने का वादा किया है। इसके साथ ही 10 हजार विकलांग लोगों को जॉब ओरिएंटेड प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *