भोपाल, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में संत समाज को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह बेहद दुखद है कि भगवा वस्त्र पहनने वाले बलात्कार कर रहे हैं। मासूम बच्चियों के लिए मंदिर भी सुरक्षित स्थान नहीं रह गए हैं। कुछ लोग धर्म की ओट में अराजकता फैलाने में लगे हुए हैं। दिग्विजय सिंह ने आगाह किया हमें उनसे सावधान रहना होगा। उन्होंने कहा जो लोग सनातन धर्म को बदनाम करने में लगे हुए हैं, उन्हें भगवान कभी माफ नहीं करेगा। दिग्विजय सिंह ने कहा जो व्यक्ति अपना घर, परिवार और संपत्ति छोड़कर साधु बनता है, वह स्वाभाविक रुप से धर्म का आचरण करते हुए आध्यात्म की ओर मुड़ता है। उसके व्यक्तित्व में त्याग ही प्रधानता होती है और उसे सांसारिक उपलब्धियां प्रभावित नहीं करतीं। वह ऐसे निंदनीय कर्म कभी नहीं कर सकता। जो अधकचरे लोग भगवा पहनकर सर्वत्यागी होने का प्रदर्शन करते हुए चूरन बेचने में लगे हुए हैं, वे समाज के लिए खतरनाक हैं। भगवा वस्त्र पहनकर लोग बलात्कार कर रहे हैं, मंदिरों में बलात्कार हो रहे हैं। क्या यही हमारा धर्म है? दिग्विजय ने कहा जो भी सनातन धर्म को बदनाम कर रहा है, उन्हें भगवान भी माफ नहीं करेगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि ‘जय श्रीराम’ नारे पर एक पार्टी ने कब्जा कर लिया है। इसलिए अब हमें ‘जय सियाराम’ बोलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि एक पार्टी के लोग मंदिरों और मठों में कब्जा कर रहे हैं। यह ठीक नहीं है। धर्म को किसी पार्टी तक सीमित नहीं रखा जा सकता।
ढोंगियों का धर्म पर कब्जा, भगवा वस्त्र पहनने वाले बलात्कार कर रहे- दिग्विजय
