नई दिल्ली,हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी खत्म करने के लिए पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राज्य के मौजूदा अध्यक्ष अशोक तंवर को हटा दिया है। सोनिया ने कुमारी शैलजा को नया चीफ नियुक्त किया है। साथ ही पार्टी के बागी नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को कांग्रेस विधायक दल का नेता और राज्य चुनाव कमिटी का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। बता दें कि राज्य के पूर्व सीएम भूपेंदर सिंह हुड्डा अशोक तंवर के खिलाफ मोर्चा खोले हुए थे और अप्रत्यक्ष रूप से पार्टी छोड़ने तक की बात भी कह चुके थे। दो दिन पहले हुड्डा ने सोनिया से मिलकर अपना पक्ष रखा था। बता दें कि हरियाणा में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके बाद हुडडा के बागी रुख को देखकर ऐसी खबरें आ रही थीं कि कांग्रेस हाईकमान विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में किसी किस्म के बिखराव से बचने के लिए हरियाणा पीसीसी अध्यक्ष अशोक तंवर को हटाकर सामूहिक नेतृत्व की व्यवस्था बना सकता है। बागी नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को हटाने की मांग कर रहे हैं, जिन्हें राहुल गांधी ने करीब 5 साल पहले हरियाणा की कमान सौंपी थी।
अशोक तंवर हटाए गए, कुमारी शैलजा को बनाया गया हरियाणा कांग्रेस का नया अध्यक्ष
