मुंबई,बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियां 40 की उम्र के बाद भी बॉलीवुड में बरकरार हैं। उनकी मौजूदगी आज भी पर्दे पर दमदार नजर आती है। बदलते सिनेमा में इन अभिनेत्रियों ने महिलाओं को खास स्थान दिलाया है और साबित किया है कि उनके बल पर भी फिल्में हिट हो सकती हैं।
ऐश्वर्या राय
पूर्व विश्व सुंदरी ऐश्वर्या राय अब 45 साल की हो गयी हैं। उनकी खूबसूरती का आज भी कोई जवाब नहीं है। ऐश्वर्या ने सिर्फ भारत में ही पहचान नहीं बनाई, उनके चाहने वाले दुनिया भर में हैं। आज भी वो कई दिलों की धड़कन हैं। ऐश्वर्या ने कई बड़ी फिल्मों में काम किया है। आज वो कई ब्रांड के साथ जुड़ी हुई है।
करिश्मा कपूर
90 की दशक की मशहूर खूबसूरत अदाकारा करिश्मा कपूर ने बॉलीवुड में नई बुलंदियों को हासिल किया। एक समय में वो हर डायरेक्टर की पसंद हुआ करती थीं। करियर के बीच में ही उन्होंने 2003 में उद्योगपति संजय कपूर से शादी कर ली थी। हालांकि ये रिश्ता ज्यादा नहीं टिक पाया और उन्होंने 2016 में तलाक ले लिया। 44 साल की हो चुकीं करिश्मा आज 2 बच्चों की मां हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी करिश्मा के कदम नहीं डिगे। शादी के बाद उन्होंने कई फिल्मों में हाथ आजमाया लेकिन वो नहीं चलीं। इसके बाद वो रैम्प शो करने लगीं। आज वो कई ब्रांड्स के साथ जुड़ी हैं।
विद्या बालन
40 की होने जा रही विद्या बालन बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत अभिनेत्रियों में से एक हैं। टीवी एड से अपने करियर की शुरुआत करने वाली विद्या ने कई हिट फिल्मे दीं। लोग उनकी खूबसूरती के साथ उनकी एक्टिंग के लिए भी कायल है। उम्र के इस पड़ाव में भी वो एक चमकती हुई स्टार हैं। विद्या अपने दम पर फिल्म को हिट कराने काबिलियत रखती हैं। उनकी फिल्में कहानी, कहानी 2 और डर्टी पिक्चर इसका बडा़ उदाहरण हैं।
रानी मुखर्जी
41 साल की हो चुकीं रानी मुखर्जी बॉलीवुड की शीर्ष अभिनेत्रियों में से एक हैं। अपने करियर में उन्होंने कई हिट फिल्में दीं। 1996 में आई फिल्म ‘राजा की आएगी बारात’ से रानी मुखर्जी ने बॉलीवुड में कदम रखा। ये फिल्म तो कुछ खास कमाल नहीं कर पाई लेकिन इससे रानी को एक बड़ी पहचान मिल गई। 2018 में रिलीज हुई उनकी फिल्म हिचकी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इन दिनों वो अपनी आने वाली फिल्म ‘मर्दानी 2’ को लेकर व्यस्त हैं।
मलाइका अरोड़ा
46 साल की मलाइका अरोड़ा की चर्चा बॉलीवुड की गलियों में खूब हो रही है। वह अक्सर अपने बॉयफ्रेंड अर्जुन कपूर के साथ डेट पर स्पॉट की जाती हैं। मलाइका ने मात्र 17 साल की उम्र में मॉडलिंग करना शुरु कर दिया था। शादी से पहले उन्होंने कई आइटम सॉन्ग किए। 2017 में उन्होंने अरबाज खान से तलाक ले लिया। इसका असर मलाइका ने अपनी जिंदगी पर नहीं पड़ने दिया। वो लगातार इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। वो कई ब्रांड्स के लिए काम करती हैं। साथ ही टीवी शो में जज की भूमिका अदा करती हैं।
यह अभिनेत्रियां 40 की उम्र पार भी रुपहले पर्दे पर छायी रहीं
