भोपाल, आगामी 31 मार्च से भोपाल से लो-फेयर एयरलाइंस कंपनी उड़ानों की संख्या बढाने जा रही है। कंपनी ने दिल्ली-भोपाल मार्ग पर दो एवं मुंबई रूट पर एक डायरेक्ट उड़ान शुरू करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से भोपाल के यात्रियों को कम किराए में सीट मिलने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। स्पाइस जेट के बेड़े में इसी साल बोइंग मैक्स 737 स्तर के 20 विमान शामिल हुए हैं। कंपनी ने इन में से तीन विमान भोपाल रूट पर चलाने का निर्णय लिया है। कंपनी के रीजनल मैनेजर तारक जानी ने इसकी पुष्टि की है। कंपनी भोपाल से दिल्ली रूट पर एक साथ दो उड़ानें शुरू करने जा रही है। एक उड़ान सुबह चलेगी। दूसरी उड़ान शाम को। इससे एक ही दिन में दिल्ली जाकर वापस लौटना आसान हो जाएगी। कंपनी 31 मार्च से भोपाल से मुंबई रूट पर भी सीधी उड़ान शुरू कर रही है।
स्पाइस जेट की दिल्ली रूट पर एक साथ दो उड़ानें शुरू होने से भोपाल से दिल्ली व मुंबई तक सबसे अधिक 6 उड़ानें हो जाएंगी। दिल्ली रूट पर एयर इंडिया की दो एवं जेट एयरवेज की दो उड़ानें संचालित हैं। अब इस रूट पर 6 उड़ानें हो जाएंगी। मुंबई मार्ग पर भी 6 उड़ानें हो जाएंगी। इस रूट पर एयर इंडिया की दो, जेट एयरवेज की दो एवं इंडिगो की एक उड़ान संचालित है। 31 मार्च से कुल 6 उड़ानें हो जाएंगी। स्पाइस जेट को कम किराए वाली एयरलाइंस माना जाता है। नई उड़ानें शुरू होने से यात्रियों को दोनों शहरों तक कम किराए में सीटें आसानी से मिलें सकती हैं। स्पाइस ने इसी साल 6 जनवरी से भोपाल में अपना बेस स्टेशन शुरू किया है। कंपनी जयपुर, बंगलुरू, शिर्डी, अहमदाबाद एवं हैदराबाद तक उड़ानों का संचालन पहले से ही कर रही है। सपोर्ट भोपाल फॉर एयर कनेक्टिविटी टीम के डा. तुषार कुलकर्णी ने स्पाइस जेट के इस निर्णय का स्वागत किया है। डा. कुलकर्णी ने कहा है कि इससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सकेगी।
दिल्ली-भोपाल मार्ग पर दो एवं मुंबई रूट पर स्पाइस जेट एक उड़ान शुरू करेगी
