नई दिल्ली,आम चुनाव से ठीक पहले हरियाणा और राजस्थान में एक-एक विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा-कांग्रेस समेत अन्य पार्टियों ने खूब जोर आजमाया, लेकिन भाजपा और कांग्रेस का स्कोर एक-एक से बराबरी पर रहा है। हरियाणा के जींद में जहां भाजपा अपना कमल खिलाने में कामयाब रही, वहीं अलवर जिले के रामगढ़ विधानसभा सीट पर लोगों ने एक बार फिर कांग्रेस पर भरोसा जताया है। जिस राज्य में जिसकी सरकार है, वही पार्टी उपचुनाव में जीत दर्ज कर सकी।
दोनों ही विधानसभा सीटों पर विधायक और एक प्रत्याशी के निधन के कारण उपचुनाव की स्थिति बनी थी। हरियाणा के जींद में इनेलो के विधायक हरि चंद मिड्ढा की मृत्यु हो गई थी, जबकि राजस्थान के रामगढ़ सीट पर बसपा प्रत्याशी की मौत हो गई थी। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए दोनों ही सीटों पर हुआ उपचुनाव पर पूरे देश के राजनीतिक खेमे की नजर थी। खासकर कांग्रेस और भाजपा ने तो जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। इन दोनों पाटिNयों के लिए यह नाक का सवाल बना हुआ था। जींद में मिली शिकस्त के बाद सूरजेवाला को झटका लगा है।
पिछले ५२ साल का सूखा खत्म करते हुए जींद में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की और कृष्ण मिड्ढा ने ५०,५६६ वोट हासिल कर जजपा के दिग्विजय सिंह चौटाला(३७,६३१) को १२,९३५ वोटों से हराया। कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला २२, ७४० वोट पाकर तीसरे नंबर पर रहे। राजस्थान के रामगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी शाफिया जुबैर ने भाजपा के सुखवंत सिंह को १२,२२८ मतों से शिकस्त दी। शाफिया को कुल ८३,३११ वोट मिले, जबकि सुखवंत सिंह को ७१,०८३ वोट मिले। बसपा उम्मीदवार जगत सिंह २४,८५६ वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे है।
जींद में खिला कमल तो रामगढ़ में जीती कांग्रेस
