जोधपुर,बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और अमेरिकी गायक निक जोनास की शादी के लिए जगह और तारीख जानना तमाम लोगों की चाहत रही है। ऐसे में प्रियंका की मां जैसे ही जोधपुर पहुंचीं लोगों ने सवाल करने शुरु कर दिए कि आखिर उनकी बेटी की शादी यहीं से होने जा रही है। गौरतलब है कि प्रियंका की मां मधु चोपड़ा पिछले दिनों जोधपुर पहुंचीं थीं। इसे देखते हुए दावा किया गया कि वो अपनी बेटी प्रियंका और निक की शादी के सिलसिले में जोधपुर आई हैं। गौरतलब है कि निक और प्रियंका ने मुंबई में रोका कर अपने रिश्तों से पर्दा उठाया था। इसके बाद ही अटकलें लगाई जा रही थीं कि वो विदेश में ही शादी करेंगी। यहां तक कहा गया कि उनकी शादी तो गुपचुप तरीके से हो चुकी है। इन्हीं अटकलों पर विराम लगाने का काम प्रियंका की मां ने यह कहते हुए कर दिया है कि ‘जोधपुर तो मेरा बहुत ही पसंदीदा शहर है। सारी दुनिया छोड़कर हम इसलिए ही यहां आएं हैं।’ इसी के साथ उन्होंने मीडिया द्वारा किए जाने वाले शादी की तैयारी के सवाल पर कहा कि ‘अब शादी ही देख लेना, अभी से उसके बारे में क्या बात करना. जब हो जाए, तब फिर बात करेंगे।’ इसका सीधा अर्थ यही निकाला जा रहा है कि जल्द ही प्रियंका और निक की शादी जोधपुर में होने वाली है, जिसकी तैयारियों के सिलसिले में उनकी मॉं यहां पहुंचीं थीं। इसके साथ ही अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह शादी बेहद रॉयल तरीके से होने वाली है।
जोधपुर है शादी के लिए दुनिया भर में शानदार जगह
