कामदारों की बजाय नामदारों को उतार रही भाजपा,शिवराज के साले संजय सिंह ने थामा कांग्रेस का दामन

भोपाल, मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपने ही परिवार से करारा झटका लगा है। दरअसल शिवराज के साले संजय सिंह ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश प्रभारी बावरिया की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। संजय सिंह काफी लंबे समय से पार्टी एवं शिवराज सरकार में स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे थे।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नामांकन भरना यहां शुरु हो चुके हैं और भाजपा को एक बड़ा झटका देते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साले एवं साधना सिंह के भाई संजय सिंह ने कांग्रेस का दामन थामकर सभी को हैरान कर दिया है। एक तरह से कांग्रेस ने इस मैदान में बड़ी बाजी मार ली है। सियासी तौर पर चल रहे इस शह और मात के खेल में कांग्रेस ने शिवराज के साले को पार्टी में शामिल कर भाजपा के गढ़ को ध्वस्त करने का एक बड़ा दांव खेल दिया है। संजय सिंह ने दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। वहीं मीडिया से मुखातिब होते हुए कमलनाथ ने उनके पार्टी में शामिल होने का औपचारिक ऐलान भी किया। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का साला होने के कारण उन्हें न तो पार्टी में कोई खास पद ही मिल सका था और न ही शिवराज सरकार में ही उनकी कोई पूछ-परख रही। इससे वो अपने आपको काफी लंबे समय से उपेक्षित महसूस करते रहे हैं। इसके चलते उन्होंने अंतत: कांग्रेस का दामन थाम लिया। उन्होंने कहा कांग्रेस में शामिल होने के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के साले संजय सिंह ने कहा कि भाजपा में नामदारों को उतारा जा रहा है, कामदारों को दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कामदारों की अनदेखी करते हुए नामदारों को पैराशूट से उतारा जा रहा है। कामदारों को कोई मौका नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में वंशवाद फल-फूल रहा है। यहां उन्होंने कमलनाथ की भी तारीफ की और कहा कि प्रदेश को नाथ की जरुरत है। इसके लिए उन्होंने छिंदवाड़ा का उल्लेख किया और कहा कि छिंदवाड़ा नाम से जाना जाता है। वहीं दूसरी तरफ उन्होंने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी का उल्लेख किया और कहा कि अब प्रदेश को वाकई नाथ की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *