इंदौर,मध्यप्रदेश में लगातार चौथी बार सरकार बनाने की चुनौती का सामना कर रही सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपने जन सम्पर्क अभियान का इंदौर से आगाज कर दिया है। मध्यप्रदेश में भाजपा के ‘महा जन सम्पर्क अभियान’ की शुरूआत के दौरान शाह ने सूबे की वाणिज्यिक राजधानी के राजबाड़ा इलाके में आम लोगों से भाजपा के लिए चुनावी समर्थन मांगा।
उन्होंने यहां पूर्व होलकर राजवंश के ऐतिहासिक राजबाड़ा महल के सामने अहिल्या बाई होलकर की प्रतिमा को माला पहनाकर भाजपा की चुनावी मुहिम की शुरूआत की। इसके बाद उन्होंने पास ही स्थित प्राचीन महालक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राजबाड़ा महल के पास घने व्यापारिक इलाके में लोगों से अपील की कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को वोट दें।
शाह ने भाजपा के जन सम्पर्क अभियान की शुरूआत राजबाड़ा इलाके में पान की एक मशहूर दुकान से की। पान वाले ने भाजपा अध्यक्ष को पान का मीठा बीड़ा पेश करके उनका स्वागत किया। भाजपा अध्यक्ष अपने वाहन के दरवाजे पर खड़े हुए और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। शाह की अगुवाई में यह चुनावी जुलूस राजबाड़ा महल से कृष्णपुरा छत्री तक करीब आधे किलोमीटर के रास्ते पर निकाला गया। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष और स्थानीय सांसद सुमित्रा महाजन, राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह भी शाह के साथ थे।
देवी अहिल्या बाई होलकर को पुष्पांजलि के साथ BJP का ‘महाजनसम्पर्क अभियान’ शुरू
