बलिया,अपने विवादास्पद बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाले भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए दावा किया है कि उनकी इटली में खरबों रुपये की सम्पत्ति है तथा उनके कई होटल चल रहे हैं। बैरिया क्षेत्र के विधायक सिंह ने बुधवार को यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस को घोटालों की पार्टी करार दिया। उन्होंने राहुल पर आरोप लगाया कि कांग्रेस का घोटाला देखना हो तो इटली जाकर देखिए। इटली में राहुल के पास खरबों रुपये की सम्पत्ति है तथा उनके अनेक होटल चल रहे हैं। सिंह ने कहा कि इसकी जांच चल रही है। जिस दिन जांच पूरी हो जाएगी, पूरा परिवार एक ही कोर्ट में खड़ा मिलेगा।
भाजपा विधायक कहा कि आजादी से पहले की कांग्रेस भारत की कांग्रेस थी, लेकिन आजादी के बाद जब नेहरू प्रधानमंत्री बने तब से कांग्रेस पार्टी नेहरू की कांग्रेस हो गई। प्रधानमंत्री बनने के बाद इस परिवार का कांग्रेस पर कब्जा हो गया है। सिंह ने कहा कि नेहरू से लेकर इंदिरा, राजीव, सोनिया व राहुल अध्यक्ष बन चुके हैं। राहुल के बाद प्रियंका अध्यक्ष होंगी। उसके बाद संभावना है कि इटली में जन्म लिया कोई स्वयं को राहुल गांधी का बेटा करार देकर कांग्रेस का अध्यक्ष बन जायेगा। उन्होंने कहा कि भारत में रहने वाले मुसलमान परिवर्तित हिंदू हैं। विधायक ने मुगलों को आतंकवादी करार देते हुए कहा कि जिस समय मुगल भारत में आए, उस समय भयवश हिंदू, मुस्लिम बन गए। जो भी भारत में मुसलमान हैं, वे परिवर्तित हिंदू हैं।
भाजपा विधायक के विवादित बोल कांग्रेस का भ्रष्टाचार देखना है तो इटली जाकर देखो
