भिंड/मुरैना,मौसम विभाग की चेतावनी के उपरांत रविवार को जिले में आंधी का माहौल दिखाई दिया। जिले के लहार, रौन, गोरमी क्षेत्र में आंधी आने से पेड़ उखड़े एवं बिजली व्यवस्था बाधित हुई। जानकारी के अनुसार रौन में तेज तूफानी हवाओं के चलते कई पेड़ उखड़ गए और घरों में लगे टीनशेड उड़ गए। कस्बा क्षेत्र के मौनी बाबा की बगिया के पास बनी कॉलोनी में सुखवीर परिहार की गाय के ऊपर नीम का पेड़ टूटकर गिरा, जिससे गाय की मौत हो गई। इसी प्रकार लहार कस्बा के आसपास भी काफी नुकसान होना बताया गया है। उधर मेहगांव क्षेत्र के गोरमी नगर से पांच किमी दूर ग्राम आरोली के आस-पास आधा दर्जन गांवों के आस-पास तेज आंधी के साथ ओले भी गिरे। रविवार की शाम करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच तेज आंधी के साथ लगभग पांच मिनट तक ओले गिरे। कई किसानों को खेतों में रखा भूसा एवं कटी हुई फसल हवा के साथ उड़ गई।
उल्लेखनीय है कि विगत तीन जून को जिले में आए तूफान एवं बारिश में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जिन्हें जिला प्रशासन की ओर से चार-चार लाख रुपए का मुआवजा स्वीकृत किया गया। कई लोगों के मकान धराशाई हो जाने से जिले में लाखों का नुकसान हुआ। कई पेड़ जमींदोज हो गए थे और बिजली की लाईनें टूट जाने एवं विद्युत ट्रांसफार्मर उखड़ जाने से जिले के कई इलाकों में तीन दिन तक बिजली संकट बना रहा। जिलाधीश इलैया राजा टी ने रविवार को आगामी दिनों में आंधी, तूफान एवं बारिश होने की संभावना के चलते अलर्ट जारी किया है। उन्होंने जिलेवासियों से इस आपदा से सजग रहकर मुकाबला करने की अपील की है।
तेज आंधी ने पोरसा में मचाई तबाही,ओले भी पड़े
मुरैना,रविवार की शाम 4 बजे दस मिनट के लिये आई आंधी-ओले तेज वारिश ने तबाही मचा दी। इस आंधी में पोरसा शहर के नपा क्षेत्र के वार्ड क्रं. 2 पुराना खेरा में मकान की दीवाल गिरने से करीब 7 लोग घायल हुये हैं। जिसमें तीन गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय के लिये रैफर कर दिया गया है। इसमें अतिगंभीर घायल महिला दाखश्री पत्नि भीकम सिंह बघेल निवासी पोरसा वार्ड क्रं. 2 उम्र 50 वर्ष ने पोरसा से मुरैना जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। महिला के परिजन जब महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे, तो वहां डॉक्टर व अन्य स्टाफ अस्पताल से नदारद था। जिससे अक्रोशित होकर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा व तोडफ़ोड़ करना शुरू कर दिया। घायलों में विष्णू बघेल पुत्र रामौतार बघेल उम्र दस वर्ष निवासी पुराना खेरा वार्ड नं. 2, अजय बघेल पुत्र राजवीर बघेल उम्र 10 वर्ष वार्ड नं. 2, सूखी बघेल पत्नि राजवीर बघेल उम्र 28 वर्ष पुराना खेरा वार्ड नं. 2, संगीता बघेल राजवीर बघेल उम्र 35 वर्ष, विजय पुत्र राजवीर उम्र 8 वर्ष, सहिल पुत्र राजवीर उम्र 10 वर्ष। उधर मुकुट सिंह पुत्र माखन सिंह उम्र 70 वर्ष निवासी प्रेमपुरा पोरसा, नरेश तोमर पुत्र मजबूत ङ्क्षसह तोमर निवासी प्रेमपुरा पोरसा उम्र 58 वर्ष दोनों लोग पेड़ गिरने से घायल हुये। मुनेश सिंह पुत्र रामप्रीत सिंह निवासी भीमनगर अटेर रोड पोरसा उम्र 30 वर्ष दीवाल गिरने से पैर फैक्चर हुआ। वहीं अनीता पत्नि राकेश दुवे निवासी मंशूर पुरा, जोटई रोड बाईपास उम्र 40 वर्ष। सभी घायलों को अस्पताल पोरसा में सुविधाओं के अभाव के कारण जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया है। मृतक महिला के परिजनों ने बताया कि पोरसा अस्पताल में इस मौके पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं थे। पोरसा बीएमओ मुख्यालय पर मौजूद नहीं थे। कम्पाउडरों ने मरीजों की देखरेख की। खबर लिखे जाने तक मरीजों का पोरसा अस्पताल में आने का सिलसिला जारी था।