नासा की ऐतिहासिक तस्वीरों का संग्रह होगा नीलाम

वॉशिंगटन,अंतरिक्ष में नेश्नल एयरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) की उपलब्धियों के बारे में हम सभी जानते हैं। उसके ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन की तस्वीरें भी किसी धरोहर से कम नहीं हैं। खबर है कि इस ऐतिहासिक धरोहर की नीलामी होने जा रही है। इसमें नासा के चंद्रमा पर मानव मिशन समेत अपोलो, जेमिनी और मर्करी से जुड़ी तस्वीरें भी शामिल होंगी। एक अनुमान के मुताबिक ये 15 हजार तस्वीरें हैं और इनके 7.80 लाख रुपए में नीलाम होने की उम्मीद की जा रही है। इन तस्वीरों का आकार 7×9 इंच का है और इन सभी में तारीख के साथ विवरण भी दिया गया है। इस संग्रह में 1961 में चंद्रमा पर इंसान के पहले कदम से लेकर 1972 तक हुए कई मानव मिशन की तस्वीरें हैं। इनमें से कई तस्वीरों को तो पहले कभी देखा नहीं गया है। इसमें मर्करी, जेमिनी और अपोलो मिशन शामिल हैं। ये तस्वीरें डिजिटल युग की शुरुआत से पहले की हैं। इनकी नीलामी न्यूयॉर्क स्थित स्वान गैलरीज के विशेषज्ञ डेले कपलान कर रहे हैं। इससे 5.84 लाख से 7.80 लाख रुपए मिलने की संभावना है। यह नीलामी 19 अप्रैल को की जाएगी। डेले कपलान का कहना है कि न्यूज एजेंसियों को तस्वीरों के प्रसार के लिए अधिक फोटोप्रिंट उपलब्ध कराए जाते थे। इस्तेमाल होने के बाद बचे प्रिंट को नष्ट कर दिया जाता था, मगर ये तस्वीरें उन्हीं फोटो प्रिंट से बचाकर रखी गई थीं। इनमें एक तस्वीर 13 अगस्त 1969 की है, जिसमें अपोलो 11 के अंतरिक्ष यात्री नील आर्मस्ट्रांग, बज एल्डरिन और माइकल कोलिंस नजर आ रहे हैं। इनका शिकागो में चंद्रमा पर पहले मानव मिशन के बाद अभिनंदन किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *