लखनऊ,उप्र की पुलिस ने अपराधियों पर अपनी पकड़ को और मजबूत कर दिया है। राज्य की पुलिस ने अब अपराधियों पर कहर बनकर टूटना शुरू कर दिया है। सूबे के गौतमबुद्धनगर और सहारनपुर समेत चार जिलों में पुलिस के साथ मुठभेड़ की अलग-अलग घटनाओं में दो इनामी बदमाश मारे गये तथा सात अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान छह पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) प्रवीण कुमार ने रविवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि गौतमबुद्धनगर, सहारनपुर, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर में पिछले 12 घंटों के दौरान हुई मुठभेड़ की घटनाओं में पुलिस को कामयाबी हासिल हुई। गौतमबुद्धनगर में सुबह करीब साढ़े पांच बजे थाना फेस-3 में एक लाख रुपये का इनामी बिहार निवासी दुर्दांत बदमाश श्रवण चैधरी मारा गया। उन्होंने बताया कि क्राइम ब्रांच पुलिस ने सेक्टर 119 परथला के पास कार सवार बदमाशों की घेराबंदी की तो उन्होंने पुलिस पर गोलियां चलायीं, जिनकी चपेट में आने से इंस्पेक्टर बलवान सिंह तथा सिपाही सत्यवीर एवं संजीव घायल हो गये। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में श्रवण घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी भाग गया। श्रवण को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीआईजी कुमार ने बताया कि वहीं इसके अलावा बीती रात डेढ़ बजे सहारनपुर में लूट की घटना को अंजाम देकर भाग रहे दो बदमाशों की घेराबंदी की गयी तो उन्होंने पुलिस पर गोली चला दी, जिससे दारोगा सचिन शर्मा घायल हो गये। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में चलायी गयी गोली लगने से एहसान (36) नामक बदमाश मारा गया, जबकि उसका साथी भाग निकला। मारे गये बदमाश पर 25 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, लूटे गये एक लाख रुपये तथा मोटरसाइकिल बरामद की। उन्होंने बताया कि गौतमबुद्धनगर के दनकौर क्षेत्र में सुबह पुलिस ने चोरी किये गये एक ट्रक को रोकने की कोशिश करने पर बदमाशांे ने पुलिस पर गोलियां चलायी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अशरफ (27) और सलीम (28) नामक बदमाश घायल हो गये। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
कुमार ने बताया कि गौतमबुद्धनगर के ही दादरी क्षेत्र में कल रात जू-3 चैराहे के पास निरीक्षण के दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश जितेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 24/25 मार्च की दरम्यानी रात में एलएण्डटी चैराहे पर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मोटरसाइकिल सवार बदमाश सोनू घायल हो गया। जिसके बाद इस 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाश की गोली लगने से दारोगा नरेश कुमार सिंह घायल हो गये।
कुमार ने बताया कि इसके अलावा गाजयाबाद के सिहानीगेट क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ में शातिर अपराधी बदमाश राहुल गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में बदमाशों द्वारा चलायी गयी गोली लगने से सचिन नामक सिपाही जख्मी हो गया। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ में रहीस तथा जावेद नामक बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान दारोगा सौवीर नागर गोली लगने से घायल हो गये। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूबे में ताबड़तोड़ पुलिस मुठभेड़ में दो इनामी बदमाश ढेर, सात गिरफ्तार
