चुने गए तो जया नहीं, महेंद्र होंगे सबसे अमीर सांसद, चार हजार करोड़ है कुल संपत्ति

पटना,राज्यसभा की 58 सीटों के लिए सभी पार्टियों ने अपने-अपने कोटे के उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। बिहार से जनता दल यूनाइटेड यानी जदयू की ओर से महेंद्र प्रसाद सिंह को राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में तीसरी बार प्रत्याशी बनाया गया है। महेंद्र प्रसाद सिंह के पास कुल 4 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति है। अगर उनका चयन हुआ, तो संसद के सबसे अमीर सांसद के खिताब से उन्हें ही नवाजा जाएगा, सपा प्रत्याशी जया बच्चन को नहीं। महेंद्र प्रसाद सिंह दो फार्मा कंपनियों के मालिक हैं और उनकी कुल संपत्ति चार हजार करोड़ से भी ज्यादा है। इसके बरअक्स जया बच्चन की कुल संपत्ति एक हजार करोड़ रुपए ही बैठती है।
उन्होंने अपने शपथ पत्र में बताया है कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में उनके करीब 2,239 करोड़ रुपये जमा हैं। अपने शपथपत्र के मुताबिक, अरबपति महेंद्र प्रसाद के पास कोई मोटर वाहन या बीमा पॉलिसी नहीं हैं। डॉ. प्रसाद ने वित्तीय वर्ष 2016-17 के इनकम टैक्स फाइल रिटर्न में अपनी कुल आय 303.5 करोड़ रुपए दिखाई है।
महेंद्र प्रसाद ने 1980 में पहली बार जहानाबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीत कर संसद में प्रवेश किया था। मगर 1984 में राजीव गांधी की हत्या के बाद हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की लहर होने के बाद भी वह नहीं जीत पाए थे। उसके बाद कांग्रेस ने उन्हें 1985 में राज्यसभा भेज दिया था, तब से वह कांग्रेस, राजद और जदयू की ओर से राज्यसभा के सदस्य रहे हैं। प्रसाद को सबसे अधिक देश की यात्रा करने वाले सांसद के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने अब तक 211 देशों की यात्रा की है। उन्होंने 53 बार ब्रिटेन की यात्रा की है, तो 10 बार अमेरिका की। वह नौ अप्रैल 2002 से 8 अप्रैल 2003 के बीच के एक साल में 84 देशों की यात्रा कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *