भाजपा नेता पंकज गुप्ता की गोली मार कर हत्या

रांची, झारखंड में रांची के नगड़ी रेलवे स्टेशन के निकट रविवार सुबह अज्ञात अपराधियों ने भाजपा नेता पंकज गुप्ता की गोली मार कर हत्या कर दी। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए पुलिस-प्रशासन को दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने पार्टी की ओर से मृतक के परिजनों को आर्थिक और अन्य सभी प्रकार की हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार लोहरदगा जिला भाजपा के कोषागध्यक्ष पंकज गुप्ता लोहरदगा-रांची पैसेंजर ट्रेन से नगड़ी स्टेशन पर उतर कर रामलाल स्वीट्स दुकान में चाय पी रहे थे, उसी दौरान दो युवक उनके पास आये और कनपटी में सटाकर गोली चला दी। गोली लगने से ही पंजक गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं गोली मारने के बाद दोनों युवक मोटरसाईकिल पर बैठ कर भागने में सफल रहे।घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बताया गया है कि भाजपा नेता लोहरदगा से नगड़ी एक जमीन पर बाउंड्री कराने आये थे।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर डीएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गयी है। जांच में फॉरेसिंक टीम भी सहयोग कर रही है। पुलिस इस बात की छानबीन में जुटी है कि जिस जमीन को वे खरीदने आये थे, उसे लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है, या घटना के पीछे कोई और कारण है।
इधर,भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने पार्टी नेता पंकज गुप्ता की हत्या की कड़ी भर्त्सना करते हुए पुलिस प्रशासन से दोषियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में भाजपा परिवार पूरी तरीके से मृतक के परिजनों के साथ है। उन्होंने कहा कि उनकी इस संबंध में मुख्यमंत्री रघुवर दास से भी बात हुई और वे भी इस घटना से मर्माहत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *