आज से पीएम का मतलब मोदी नहीं, पोषण मिशन: मोदी

झुंझुनू,अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मोदी ने राजस्थान के झुंझुनू में रैली को संबोधित किया। यह रैली बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की थीम पर आयोजित थी। इस दौरान मोदी के साथ राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व कई अन्य नेता भी मौजूद रहे। मोदी ने इससे पहले गुरुवार सुबह ट्विटर के जरिए महिला दिवस की बधाई दी थी और वीडियो भी जारी किए थे। संबोधन से पहले उन्होंने वहां मौजूद कई बच्चियों से बात की। उन्होंने महिलाओं से सीधा संवाद किया। प्रधानमंत्री ने यहां पर राष्ट्रीय पोषण मिशन की शुरुआत भी की। इस मौके पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मोदी को एक किताब भेंट की। मोदी ने इस कार्यक्रम में कहा कि दुनिया में 100 साल से भी अधिक समय से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है। आज पूरा देश झुंझुनू के साथ जुड़ा है। मैं सोच-विचार कर झुंझुनू आया हूं। इस जिले ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को शानदार तरीके से आगे बढ़ाया है।

इसलिए मैं अपने आप को यहां आने से रोक नहीं पाया। उन्होंने कहा, अब अगर कोई पीएम बोले तो उसका मतलब नरेंद्र मोदी (प्रधानमंत्री) नहीं, पोषण मिशन निकाला जाना चाहिए। इससे इस मिशन को बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमारे देश में नारी को पूजा जाता है, लेकिन ऐसा क्या हुआ कि बेटी को बचाने के लिए हाथ पैर जोड़ने पड़ रहे हैं। आज जब बालक और बालिकाओं की जन्म दर में अंतर दिखता है, तो दुख होता है। उन्होंने कहा कि अगर घर में सास कह दे कि हमें बेटी चाहिए तो किसी की हिम्मत नहीं कि बेटी को पैदा होने से रोक दे। हमारी सरकार आने के बाद हमने हरियाणा में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान शुरु किया। इसके बाद वहां पर बेटियों के जन्म के अनुपात में काफी सुधार हुआ है। जो लोग मानते हैं कि बेटा है, बुढ़ापे में काम आएगा, वह गलत हैं। मैंने कई बार देखा है कि बेटे आराम की जिंदगी जीते हैं, लेकिन मां-बाप वृद्धाश्रम में रहते हैं। रैली को केंद्रीय बाल विकास मंत्री मेनका गांधी और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं। बता दें कि इससे पहले खबरें आई थीं कि भाजपा ने मोदी की इस रैली में आने के लिए लोगों को पीले चावल दिए हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *