लखनऊ,उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्रिपुरा समेत तीन पूर्वोत्तर राज्यों में भाजपा की ऐतिहासिक सफलता पर प्रतिक्रिया करते हुए याद दिलाया कि राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेस पांच राज्यों में चुनाव हार चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस की असफलताओं का यह रिकॉर्ड और तेजी के साथ आगे बढ़ेगा। योगी आदित्यनाथ ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा देश के पूर्वोत्तर राज्यों त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय में भाजपा और उसके गठबंधन को जो ऐतिहासिक सफलता मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और पूर्वोत्तर के उन तमाम कार्यकर्ताओं को बधाई, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में इन पूर्वोत्तर राज्यों में कमल खिलाने में कामयाबी हासिल की।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि राहुल अध्यक्ष बनने के बाद पांच राज्यों में चुनाव हार चुके हैं। उनका यह रिकॉर्ड तेजी के साथ आगे बढ़ेगा। योगी ने गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में मायावती की अगुवाई वाली बसपा द्वारा सपा को समर्थन देने की संभावना पर उन्होंने कहा केले और बेर की मिताई संभव नहीं है। उन्होंने सपा का नाम लिए बगैर बसपा की दुखती रग पर हाथ रखते हुए कहा सभी जानते हैं कि गेस्ट हाउस कांड किसने किया और मायावती सरकार द्वारा बनवाए गए स्मारकों को ध्वस्त करने की चेतावनी कौन दे रहा था। मुख्यमंत्री ने कहा पूर्वोत्तर राज्यों में भाजपा की जीत के बहुत मायने हैं। प्रधानमंत्री ने विकास और सुशासन को अपना एजेंडा शुरू से ही बनाया और अरसे से विकास के मामले में उपेक्षित पूर्वी भारत को भी विकास की प्रक्रिया की तरफ मोड़ा है। उन्होंने कहा पूर्वोत्तर राज्यों के चुनाव परिणाम राष्ट्रीय अखंडता के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।
इस जीत ने एहसास कराया है कि जाति, मत और मजहब के आधार पर समाज को बांट कर कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक जीवन में बहुत दिन तक टिक नहीं सकता। योगी ने कहा कि इतिहास में पहली बार वामपंथ के किसी गढ़ को भाजपा कार्यकर्ताओं ने ध्वस्त किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पूर्वोत्तर में मिली चुनावी सफलता का प्रभाव कर्नाटक केरल पश्चिम बंगाल और उड़ीसा के विधानसभा चुनाव पर भी पड़ेगा।
राहुल का अध्यक्ष बनना शुभ नहीं, कांग्रेस ने पांच राज्यों में खोया आधार : योगी
