देहरादून,उत्तराखंड के भाजपा विधायक मगनलाल शाह का यहां एक स्थानीय अस्पताल में निधन हो गया। वह 55 वर्ष के थे। चमोली जिले की थराली विधानसभा सीट से विधायक शाह ने कल देर रात साढे़ 10 बजे यहां के निकट जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें सांस लेने में तकलीफ, फेफडों में संक्रमण और न्यूमोनिया के कारण गत 19 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर निर्वाचित होकर पहली बार विधायक बने थे। शाह के निधन का समाचार पाकर प्रदेश के राजनीतिक हलकों, खासतौर पर उनके निर्वाचन क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने शाह के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। शाह के निधन से 70 सदस्यीय उत्तराखंड विधानसभा में सत्ताधारी भाजपा के विधायकों की संख्या घटकर 56 हो गयी है।
भाजपा विधायक मगनलाल शाह का निधन
