नीतीश ने नाम भर के लिए मुख्यमंत्री बनाया : मांझी

पटना,हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सेक्युलर के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतनराम मांझी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें सिर्फ नाम का मुख्यमंत्री बनाया था। गया के गांधी मैदान में पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए मांझी ने कहा कि सत्ता से जुड़े सभी महत्वपूर्ण निर्णय नीतीश कुमार स्वयं लेते थे। उन्होंने कहा कि आगामी आठ अप्रैल को पटना में किसान-मजदूरों की रैली आयोजित की जाएगी। रैली में बड़ी संख्या भाग लेने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा इस वर्ग की अनदेखी करने वाला सत्ता में नहीं रह सकता।
उन्होंने आरोप लगाया सन 2014 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद नैतिकता के आधार पर नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। लेकिन इसके पीछे भी उनकी कूटनीति ही थी। इसके बाद उन्होंने मुझे मुख्यमंत्री बना दिया, लेकिन मैं नाम भर का मुख्यमंत्री था। सारा कार्य नीतीश कुमार करते थे। उन्हें सिर्फ दिखावे के लिए मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बिठा दिया गया था। जब हमने अपनी तरह से काम करने की कोशिश की तो पद से हटा दिया गया। मांझी ने कहा जब बाबू वीर कुंवर सिंह ने 80 वर्ष की उम्र में तलवार उठा ली थी, तब मेरी उम्र 73 वर्ष की ही है। अब हम भी तलवार उठा लेंगे। सरकार सतर्क हो जाये। किसान-मजदूर की भलाई की बात करने से कुछ नहीं होगा। किसानों और मजदूरों को उनका हक देना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *