लखनऊ,समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगामी लोकसभा चुनाव को ‘निर्णायक’ करार देते हुए कहा कि पार्टी का जनाधार बढ़ाना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल किसी दल के साथ गठबंधन के बारे में नहीं सोच रहे हैं। अखिलेश ने कहा सन 2019 का चुनाव निर्णायक है। अखिलेश ने कहा कि फिलहाल वह किसी के साथ गठबंधन करने के बारे में नहीं सोच रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा लोकसभा चुनाव में अच्छे आधार वाले अन्य राज्यों में अपने प्रत्याशी खड़े करेगी।
उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी ने पिछले साल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस से गठबंधन किया था। सपा अध्यक्ष ने कहा इस समय मेरी प्राथमिकता सपा के वोट बैंक को मजबूत करने की है। मैं इसके लिए काम कर रहा हूं। अगर आप मजबूत होंगे तो आपकी ज्यादा मजबूत दावेदारी होती है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका राजनीति करने का अंदाज अलग है। वह समान विचारधारा वाले दलों के साथ ‘दोस्ती’ को तैयार हैं, लेकिन इस समय उनकी प्राथमिकता दूसरी है। सन 2019 के चुनाव में फिलहाल काफी समय है। इस समय हम हर सीट पर प्रत्याशियों का चयन करने में स्थानीय समीकरणों पर काम कर रहे हैं।
अखिलेश ने कहा वह सपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए एक बार फिर ‘रथ यात्रा’ निकालेंगे। इसके लिए मार्गयोजना तैयार की जा रही है। जनता को सपा से काफी उम्मीदें हैं। लोगों का मानना है कि केवल सपा ही भाजपा को रोक सकती है। उन्होंने कहा कि सपा मध्यप्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव लड़ेगी क्योंकि इन राज्यों में सपा का अच्छा प्रभाव है। सपा को अब तक केवल उत्तर प्रदेश तक ही सीमित माना जाता रहा है।
लोकसभा चुनाव में अन्य राज्यों में भी अपने प्रत्याशी उतारेगी सपा : अखिलेश
