सेंधवा,सेंधवा नगर पालिका अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के तौर पर भाजपा ने हिस्ट्रीशीटर संजय यादव की मॉं बसंती यादव को मैदान में उतारा है। नगर में यादव परिवार की इस कदर दहशत है कि 6 उम्मीदवारों ने तो मैदान ही छोड़ दिया है। कांग्रेस की ओर से दो उम्मीदवारों ने परचे भरे थे लेकिन दोनों ही पीछे हट गए हैं।
जानकारी अनुसार हिस्ट्रीशीटर संजय यादव पहले कांग्रेस से पार्षद रह चुका है। अब वो जिला अदालत में हुए गोलीकांड में फरार चल रहा है। उसके परिवार को पिछले साल ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। वर्तमान में सेंधवा नगर पालिका अध्यक्ष पद का उम्मीदवार उसकी मां बसंती यादव को बना कर भाजपा ने चुनाव नतीजों से पहले ही मैदान मार लिया है। बताया जा रहा है कि हिस्ट्रीशीटर संजय की क्षेत्र में इस कदर दहशत है कि 6 उम्मीदवार तो पहले ही मैदान छोड़ चुके हैं। इनमें कांग्रेस के वो दो उम्मीदवार भी हैं जिन्होंने पहले तो परचा भरा लेकिन बाद में पीछे हट गए। यहां मतदान 17 जनवरी को होना है, लेकिन भाजपा उम्मीदवार के निर्विरोध जीतने से भाजपा और कांग्रेस में तनातनी देखी जा रही है। गौरतलब है कि अध्यक्ष पद के लिए कुल 7 उम्मीदवारों ने परचा दाखिल किया था, लेकिन 6 उम्मीदवारों के मैदान छोड़ देने से चुनाव निर्विरोध होने के संकेत मिले हैं। यही नहीं बल्कि भाजपा के 24 में से 11 पार्षदों के भी निर्विरोध रहने की उम्मीद जताई गई है। इस मामले में कांग्रेस नेतृत्व खामोश है, जबकि निर्विरोध हुई बसंती बाई यादव के आवास पर पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर खुशियां मनाईं। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं द्वारा बसंती बाई एवं विष्णुप्रसाद यादव का फूल माला से स्वागत भी किया।
निर्विरोध हुए उम्मीदवारों की वार्डवार स्थिति
नाम वापसी के बाद कुल 32 उम्मीदवारों ने मैदान छोड़कर एक नया इतिहास रचा है। मैदान छोड़ने वालों में 11 उम्मीदवार कांग्रेस के हैं। इसके साथ ही वार्ड एक से भाजपा उम्मीदवार सरला मनीष, वार्ड पांच से मेधा एकड़ी, वार्ड सात से अनिता मोहन धामोने, वार्ड आठ से गोविंद पांडे, वार्ड दस से दिनेश सोनी समेत वार्ड 12 से विमला बाई गंगाराम, वार्ड 13 से कमल बाई बंशीलाल, वार्ड 16 से सुनीता प्रकाश, वार्ड 19 से अशोक पिता ओंकार, वार्ड 20 से दीपक बालमुकुंद, वार्ड 21 से सुधीर गुले निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इनकी घोषणा होना शेष है। गौरतलब है कि नगर पालिका में कुल 42 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इनके लिए 13 वार्डों में चुनाव होना है।
भाजपा ने हिस्ट्रीशीटर की मां को सेंधवा से बनाया उम्मीदवार,प्रत्याशियों में दहशत, 6 ने मैदान छोड़ा
