गुजरात चुनाव की असली विजेता है कांग्रेस : अशोक गहलोत

अहमदाबाद, गुजरात में कांग्रेस के चुनाव प्रभारी अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही गुजरात के विधानसभा चुनाव की असली विजेता है, भले ही वह भाजपा को हराने में कामयाब नहीं रही हो। गहलोत ने कहा भाजपा (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) ने भावात्मक मुद्दों पर चुनाव लड़ा। मोदी ने मतदाताओं से कहा कि वह गुजरात के बेटे हैं। उनकी प्रतिष्ठा दांव पर है। जबकि हमने लोगों से जुड़े हुए वास्तविक मुद्दे उठाए।
उन्होंने कहा हमने वास्तविक मुद्दों पर चुनाव अभियान चलाया और किसानों, दलितों, जनजातियों और व्यापारियों से संबंधित मुद्दों पर बात की। हमने लोगों से बात करने के बाद गुजरात के लोगों के लिए अपने घोषणापत्र को औपचारिक रूप दिया। यह पूछे जाने पर कि क्या गुजरात में जीत या हार का श्रेय पार्टी के नए अध्यक्ष राहुल गांधी को दिया जाएगा? इसके जवाब में गहलोत ने कहा कि यह काल्पनिक सवाल है। उन्होंने कहा काल्पनिक बातें नहीं करें। जो भी चुनाव परिणाम होंगे, कांग्रेस और राहुल गांधी ही असली विजेता हैं। गौरतलब है कि गुजरात चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिष्ठा का विषय है और कांग्रेस के नये अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए अग्निपरीक्षा है। गुजरात में जहां भाजपा छठी बार सत्ता में आने का प्रयास कर रही है, वहीं कांग्रेस दो दशक बाद गुजरात की सत्ता पर काबिज होने की कोशिश में है।
कड़ी सुरक्षा के बीच राज्य के 33 जिलों में 37 मतगणना केन्द्रों पर वोटों की गिनती हो रही है। प्रदेश विधानसभा की कुल 182 सीटों के लिए 9 और 14 दिसंबर को दो चरणों में हुए मतदान में 1,828 प्रत्याशियों की चुनावी किस्मत दांव पर लगी है। बता दें कि गुजरात विधानसभा चुनावों में भाजपा बड़ी जीत की ओर बढ़ती दिख रही है। भाजपा को अब तक के रुझानों के हिसाब से बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है। जबकि कांग्रेस 76 सीटों पर सिमट गई है। गुजरात विधानसभा की 182 सीटों पर मतगणना की गिनती शुरू हो चुकी है। शुरुआत में 182 सीटों के रुझान आ चुके हैं। भाजपा 105 और कांग्रेस 71 सीटों पर आगे है। छह सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी राजकोट पश्चिम सीट से चुनाव जीत गए हैं। कांग्रेस के नेता अर्जुन मोढवाडिया भाजपा के बाबूभाई बोखारिया से हार गए हैं। दलित नेता जिग्नेश मेवाणी भी जीत चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *