लाल चौक में तिरंगा फहराने आए 9 शिव सैनिक गिरफ्तार

श्रीनगर,राज्य पुलिस ने बुधवार को धारा 144 का उल्लंघन कर लाल चौक मे स्थित एतिहासिक घंटाघर पर तिरंगा फहराने के शिवसैनिकों के प्रयास को नाकाम बनाते हुए नौ लोगों को हिरासत में ले लिया। गौरतलब है कि शिव सेना की प्रदेश इकाई के प्रमुख डिंपी कोहली ने ‎हाल ही में जम्मू में बताया था कि उनके संगठन का एक विशेष दल लालचौक में तिरंगा फहराने के लिए श्रीनगर के लिए रवाना हो चुका है। जम्मू से आए शिव सैनिकों ने आज दोपहर को तिरंगा फहराना था। लेकिन वह आज सुबह ही लालचौक पहुंच गए थे। इससे पहले कि वह तिरंगा फहराते और वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते पुलिस ने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया।
शिव सैनिकों ने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष डा फारुक अब्दुल्ला ने ‎पिछले माह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पूरे देश को लाल चौक में तिरंगा फहराने की चुनौती दी थी। हम उसी चुनौती का जवाब देने आए थे। लेकिन यहां राज्य सरकार ही तिरंगा फहराने के खिलाफ है तभी हम लोगों को इसकी इजाजत नहीं दी गई। हिरासत में लिए गए शिव सैनिकों को कोठीबाग पुलिस स्टेशन की हवालात में रखा गया है। शिव सैनिकों की पहचान अश्विनी गुप्ता, मुनीश गुप्ता, नागपाल चौधरी, राज सिंह, भुवन सिंह, संजीव सिंह, राजीव सलारिया, विकास और सोनी सिंह के रुप में हुई है। यह सभी जम्मू के रहने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *