लखनऊ,मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को एक अनूठी पहल करते हुए किसानों के लिए ‘द मिलियन फार्मर्स स्कूल’ यानि किसान पाठशाला की शुरुआत की। इस मौके पर अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा और यमुना के बीच का यह भूभाग पूरे देश का पेट भर सकता है बशर्ते इन्हें (किसानों को) जानकारी, साधन-संसाधन एवं सहायता उपलब्ध करा दिए जायें। पहली बार किसी सरकार ने जातिवाद, परिवारवाद, क्षेत्रवाद और निजी हितों के बजाय किसानों को प्राथमिकता में रखकर कार्य शुरू किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि यदि हम किसान को तकनीक से जोड़ दें तो उत्तर प्रदेश में उत्पादन दो गुने से भी ज्यादा पर जा सकता है। पहली बार किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिलरहा है। सरकार बराबर खरीद कर रही है, और व्यवस्थित क्रय केंद्रों की संख्या को भी बढ़ा रही है। यहां सिंचाई मन्त्री भी मौजूद हैं और उनके विभाग के माध्यम से सरकार प्रदेश के असिंचित क्षेत्र को पूरी तरह सिंचित भूमि में बदलने जा रही है। सरकार ने इस वर्ष बाढ़ से होने वाले नुकसान और इसकी विभीषिका से जनसाधारण को बचाने की तैयारी भी अभी से कर ली है।
विश्व मृदा दिवस के अवसर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश में मिटटी के गिरते स्वाथ्य में सुधार तथा कृषि तथा कृषक के आर्थिक विकास एवं किसानों की आय को दोगुना करने हेतु प्रथम चरण में 10 लाख किसानों को प्रशिक्षित किया जायेगा। इसी के लिए आज यहां 15000 से अधिक किसान पाठशालाओं (द मिलियन फार्मर्स स्कूल) की शुरूआत की गयी। मुख्यमन्त्री ने कार्यक्रम के दौरान ‘मिलियन फार्मर्स स्कूल’ की पाठ्यक्रम पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने कृषि विभाग की समूह आधारित योजना ‘फार्म मशीनरी बैंक’ के तहत कई किसानों को ट्रैक्टर की चाभियां प्रदान कीं, इसमें विशेष रूप से महिला किसानों की भागीदारी को महिला सशक्तिकरण की ओर कदम बताया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अलावा उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा, कृषि मन्त्री सूर्य प्रताप शाही, सहकारिता मन्त्री मुकुट बिहारी वर्मा, मन्त्री सुरेश खन्ना, लक्ष्मी नरायन चैधरी, नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी, धर्मपाल सिंह, दारा सिंह चैहान, एसपी सिंह बघेल, राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह, जय प्रकाश निषाद एवं स्वाति सिंह कृषि उत्पादन आयुक्त राज प्रताप सिंह, प्रमुख सचिव कृषि विभाग अमित मोहन प्रसाद तथा साथ ही कृषि विभाग के अनेक अधिकारी उपस्थित थे।
UP में किसान पाठशाला की शुरुआत ,पूरे देश का पेट भर सकता है उत्तर प्रदेश-योगी
