भोपाल, एमपी नगर की एक होटल में कर्मचारी के साथ मारपीट करने के मामले में आरोपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश व्यास फरार है जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास पुलिस कर रही हैं। इस मामले में पुलिस ने राजेश व्यास व उनके साथियों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है। थाना पुलिस ने बताया कि राजेश व्यास शुक्रवार रात 1 बजे अपने तीन साथियों के साथ होटल ओएसिस पहुंचे थे। शराब पीने के बाद खाना खाते समय अचानक उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर होटल के कर्मचारी पवन के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी थी। इस मामले रविवार को पुलिस ने राजेश व्यास की तलाश की,लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। राजेश के सामने आने के बाद मारपीट में शामिल अन्य लोगों के बारे में पता चल सकेगा। गौरतलब है कि इस घटना में राजेश व्यास के साथ एक पुलिसकर्मी भी शामिल था। अफसरों का कहना है कि घटना में शामिल पुलिस कर्मी कौन था और उसकी क्या भूमिका थी। इसका खुलासा राजेश व्यास से पूछताछ के बाद हो सकेगा। वहीं सूत्रों के मुताबिक मामला दर्ज होने के बाद फरार आरोपी राजेश व्यास अग्रिम जमानत के प्रयास में लगे हैं।
होटल में मारपीट का मामला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश व्यास फरार
