भोपाल,गूगल ने उर्दू के प्रसिद्ध लेखक अब्दुल कावी देसनावी की 87वीं जयंती पर उनके सम्मान में डूडल बनाया। देसनावी लंबे समय तक भोपाल के सैफिया कॉलेज में प्रोफेसर रहे और जीवन का अंतिम समय भी यहीं गुजारा। डूडल में देसनावी बीच में बैठे कुछ लिखते नजर आ रहे हैं। उनके आसपास ही लिखा गूगल भी उर्दू भाषा की तरह दिखाई दे रहा है। लेखक, आलोचक, ग्रंथकार और भाषाविद देसनावी ने उर्दू साहित्य के विकास में पांच दशकों तक महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी कुछ महत्वपूर्ण रचनाओं में सात तेहरीरें, मोटाला-ए-खोतूल, गालिब, अल्लामा मुहम्मद इकबाल और मौलाना अबुल कलाम आजाद पर लेखन शामिल हैं। देसनावी 1930 में बिहार के देसना गांव में एक विद्वान परिवार में जन्मे थे। उनकी प्राथमिक शिक्षा आरा में हुई। उन्होंने मुंबई के सेंट जेवियर कॉलेज से स्नातक और परास्नातक किया। भोपाल में सैफिया कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर उर्दू विभाग के प्रमुख रहे। देसनावी का 7 जुलाई, 2011 को भोपाल में ही निधन हुआ था।
गूगल ने भोपाल के उर्दू लेखक देसनावी के सम्मान में बनाया डूडल
