पानीपत,हरियाणवी सिंगर और डांसर हर्षिता दहिया की मंगलवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। हर्षिता कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी की प्रस्तावित रैली के विरोध में हुई एक बैठक से लौट रही थी। वह अपनी कार से सोनीपत की तरफ जा रही थी। पानीपत के पास इसराना में एक कार ने उन्हें ओवरटेक किया। कार से हर्षिता को उतार कर गोली मार दी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हर्षिता मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत के नाहरा गांव की रहने वाली थीं। वह अपनी मौसी के पास दिल्ली के नरेला में रहती थी। हर्षिता का खरखौदा के दो कलाकारों से विवाद था। दोनों म्यूजिक कंपनी चलाते हैं। विवाद होने पर दोनों ने हर्षिता को धमकी दी थी। इस पर 12 अक्टूबर को हर्षिता ने खाप को एकत्रित होने के लिए कहा था।
हर्षिता ने कहा था कुछ दिन पहले तक बहन कहने वाले आज मुझे पीठ पीछे धमकी दे रहे हैं। हिम्मत हैं तो सामने आएं। वह कहते हैं कि 376 और 302 से नहीं डरते। मैं भी धारा 302 से नहीं डरती। मुझे अनाथ बता रहे हैं। हां, मैं अनाथ हूं। इसका फायदा उठाऊंगी। मैं धारा 302 लगवाकर जेल जाऊंगी, क्योंकि मेरे पीछे रोने वाली मां नहीं है। इसके बाद सिंगर ने कहा, ‘तुम जान लो कि मेरे भाई तुम्हें छोड़ेंगे नहीं। दहिया खाप इकट्ठा हो गई तो पता चल जाएगा। या तो मैं तुम्हें मारूंगी या खुद फांसी लगा लूंगी। लेकिन इज्जत पर कोई सवाल सहन नहीं करूंगी।’ पुलिस ने कहा हम पता लगा रहे हैं कि हर्षिता को कौन धमकी दे रहा था। हमलावरों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं। पुलिस के सामने एक हैरान कर देने वाला सवाल यह भी है कि कार में हर्षिता के साथ एक सिंगर निशा और दो अन्य लोग भी बैठे थे।
लेकिन बदमाशों ने हर्षिता को कार से खींचकर नीचे उतारा और उसे गोली मार दी। इस दौरान बाकी अन्य लोगों को खरोंच तक नहीं आई है। पुलिस इस मामले में कार में सवार तीनों लोग से भी पूछताछ कर रही है। हरियाणवी सिंगर और डांसर हर्षिता फेसबुक पर हरियाणवी स्टार के बारे में बोल्ड टिप्पणियां किया करती रहती थी। उसे लगातार हत्या की धमकी मिल रही थी। पुलिस धमकी देने वाले लोगों की जांच कर रही है। फेसबुक पर किए गए भद्दे कमेंट की भी पुलिस जांच कर रही है।
सिंगर-डांसर हर्षिता दहिया की गोली मार कर हत्या
