आम चुनाव के पहले प्रदर्शित होगी मनमोहन पर बनने वाली फिल्म

मुंबई,पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर एक फीचर फिल्म बन रही है, जिसमें राहुल गांधी के रोल के लिए एक ब्रिटिश अभिनेता को चुना गया है। फिल्म सन 2019 के आम चुनाव से चंद महीने पहले प्रदर्शित होगी। इस फिल्म के प्रदर्शन के दिन ही शाहरुख खान की अगली फिल्म भी आ सकती है। अभिनेता के पिता भारतीय मूल के हैं, जबकि मां आयरिश मूल की हैं। उन्हें कांग्रेस उपाध्यक्ष के रोल के लिए फाइनल किया गया है। इस अभिनेता की पहचान फिलहाल गुप्त रखी जा रही है। अभिनेता के बारे में इतना बताया जा रहा है कि उन्होंने हॉलिवुड की कई फिल्मों में अभिनय किया है। उन्होंने अकेडमी अवॉर्ड विनर लियोनार्डो डी कैप्रियो के साथ भी काम किया है।
सूत्रों ने बताया कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की भूमिका निभाने के लिए एक इटैलियन अभिनेत्री का चयन किया गया है, लेकिन उनका नाम भी गुप्त रखा गया है। उन्होंने बताया कि 128 के मेंबर कास्ट के बाकी लोगों को फाइनल करने के लिए जल्द लंदन और इटली में ऑडिशन शुरू होंगे। सूत्रों के अनुसार इस फिल्म की शूटिंग दो माह के भीतर लंदन में शुरू हो जाएगी। भारत में फिल्म की शूटिंग के दौरान अप्रिय घटनाओं की आशंका के चलते इस फिल्म की पूरी शूटिंग वहीं शूट की जाएगी। उन्होंने बताया फिल्म 21 दिसंबर 2018 को 14 भाषाओं में दुनियाभर में प्रदर्शित की जाएगी। इसी दिन शाहरुख खान की अगली फिल्म आने वाली है, जिसमें उन्होंने एक बौने का किरदार निभाया है।
पिछले छह जून को खबर थी कि जाने-माने अभिनेता अनुपम खेर का फिल्म के लीड रोल के लिए चयन किया गया है। फिल्म सन 2004 से सन 2008 तक मनमोहन सिंह के मीडिया अडवाइज़र रहे संजय बारू की किताब ‘द ऐक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर: द मेकिंग ऐंड अनमेकिंग ऑफ मनमोहन सिंह’ पर आधारित है। फिल्म के निर्माता सुनील बोहरा ने कहा स्क्रिप्ट फाइनल हो चुकी है। इसमें दर्शकों के लिए कई सरप्राइज होंगे। बारू की किताब 2014 के आम चुनाव के दौरान आई थी, जिसमें उन्होंने मनमोहन सिंह के पहले कार्यकाल की आलोचना की थी। बोरा ने कहा फिल्म प्रदर्शन की तिथि का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने कहा दरअसल फिल्म के लिए जो अनुबंध किए गए हैं, उसके मुताबिक इसे अगले साल दिसंबर तक प्रदर्शित करना ही होगा। पहली बार किसी फिल्म का निर्देशन कर रहे विजय गुट्टे ने कहा वह किरदारों के साथ पूरा न्याय कर सकें, इसके लिए वह उनमें से कुछ लोगों से सम्पर्क करेंगे। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा मैं उनके साइड की स्टोरी जानने के लिए ऐसा करूंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *