कटनी,कटनी मेंं पदस्थ ग्रामीण अभियंत्रीकी सेवा (आरईएस) के उपयंत्री के निवास पर शुक्रवार की सुबह लोकायुक्त पुलिस ने आय से अधिक सम्पत्ति होने की सूचना पर छापा मारा। छापे के दौरान पुलिस को अब तक सवा करोड़ से अधिक की सम्पत्ति का पता चला है। बैंक खातों और लाकरों व अन्य दस्तावेजों की जांच होना अभी बाकी है। लोकायुक्त की कार्यवाही जारी है। लोकायुक्त डीएसपी एच.पी. चौधरी ने बताया कि आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में कटनी में पदस्थ आरईएस उपयंत्री लक्ष्मी नारायण तिवारी के कटनी के दुबे कालोनी स्थित आलीशान बंग्ले में सुबह-सुबह छापा मारा गया। प्रारंभिक जांच-पड़ताल में एक आलीशान बंग्ला के अलावा कटंगा जबलपुर में एक मकान के साथ-साथ कई प्लॉट होने के दस्तावेज मिले हैं। तीन बैंकों में खाता और लॉकर होने की जानकारी मिली है। घर से नगदी रकम ज्यादा बरामद नहीं हुई। कुछ खेती व भूमि के दस्तावेज भी मिले हैं। अब तक डेढ़ करोड़ रुपयों की सम्पत्ति का खुलासा हुआ है। जांच जारी है। बैंकों और लॉकरों की खोजबीन आज की जायेगी। छापामार दल में डीएसपी संतोष भदोरिया, निरीक्षण स्वाप्निल दास सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।
कटनी में लोकायुक्त का छापा,RES उपयंत्री करोड़पति निकला
