चंडीगढ़,साध्वी यौन शोषण मामले में पंचकूला सीबीआई कोर्ट द्वारा दोषी करार देने के बाद डेरा प्रमुख राम रहीम को आर्मी के हेलिकॉप्टर से पुलिस प्रशिक्षण केंद्र सुनारिया के अंदर अस्थाई हेलिपेड पर उतारा गया। वहां से राम रहीम को सुनारिया के रेस्ट हाउस में रखा गया है। उनके वहां पहुंचने से पहले ही सीआईएसएफ की कंपनी तैनात कर दी गई।
सीआईएसएफ ने पीटीसी सुनारिया से 3 किलोमीटर के एरिया को सील कर दिया है। सुरक्षा को लेकर भारी इंतजाम किए गए हैं। रोहतक शिफ्ट किए जाने के चलते शहर में भय का माहौल बना हुआ है। मामले को लेकर अधिकारी कुछ भी बोलने से बचते दिखे। राम रहीम के सुनारिया पहुंचने पर इंतजाम इतने कड़े किए गए हैं कि वहां पर परिंदा भी पर नहीं मार सकता। वहीं, रोहतक में किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार खुफिया रिपोर्ट सरकार के पास पहुंची है कि देर रात तक संत राम रहीम के अनुयायी रोहतक पहुंच सकते हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूलने लगे हैं। पुलिस प्रशासन ने जिले के सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर दी है और वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि संत राम रहीम के अकेले रोहतक में करीब 12 से 15 हजार तक अनुयायी है। ऐसे में रोहतक के अनुयायी कुछ उपद्रव न करे इसपर लगातार नजर रखी जा रही है और पल-पल की रिपोर्ट आला अधिकारियों और सरकार को भेजी जा रही है।
साध्वी यौन शोषण मामले में दोषी संत गुरमीत राम रहीम के रोहतक एयरलिफ्ट किए जाने के बाद से पुलिस प्रशासन ने वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु और सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
राम रहीम को मिला भाजपा सांसद साक्षी महाराज का साथ
नई दिल्ली, भाजपा सांसद साक्षी महाराज राम रहीम के प्रकरण को भारतीय संस्कृति को बदनाम करने की साजिश बताया है। भाजपा के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने भी इशारों-इशारों में राम रहीम का बचाव किया है।
रेप के दोषी गुरमीत के बचाव में साक्षी ने कहा कि कोर्ट करोड़ों भक्तों की बात नहीं सुन रहा है, सिर्फ एक शिकायतकर्ता की बात सुन रहा है। बीजेपी सांसद ने सीधे-सीधे कोर्ट के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक शिकायतकर्ता सही है या करोड़ों भक्त। साक्षी महाराज ने यह भी कहा कि कोर्ट ने सीधे-सादे राम रहीम को बुला लिया, नुकसान के लिए कोर्ट भी जिम्मेदार है।
भाजपा के एक और नेता राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने भी बिना नाम लिए राम रहीम का बचाव किया है। स्वामी ने ट्वीट किया, ‘साधुओं के लिए नया खतरा: राजनेता और आश्रमों में रहने वाले स्वामीजी को जेल भेजकर आश्रम की संपत्ति पर कब्जा करना चाहते हैं। साधुओं को अपने उत्तराधिकारियों को आगे बढ़ाना चाहिए।’
नंद नगरी और गोकुलपुरी में दो बसों में आग लगा
नई दिल्ली,डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को रेप के मामले में कोर्ट द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद उनके समर्थक हिंसक हो गए हैं। हिंसा की आग दिल्ली एनसीआर तक पहुंच गई है। समर्थक जगह-जगह तोड़फोड़ और आगजनी कर रहे हैं। दिल्ली के ७ इलाकों से हिंसा की सूचना है। दिल्ली में हिंसा के बाद ऐहतिहात के तौर पर नोएडा के कुछ इलाकों में धारा १४४ लगाई गई है।
दिल्ली पुलिस के पीआरओ मधुर वर्मा का कहना है कि दिल्ली में हिंसा के मामले में ३ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अलग-अलग इलाकों में पेट्रोलिंग कर रही है। बाबा के भक्तों ने दिल्ली के आनंद विहार, नंद नगरी, गोकुलपुरी, शहादरा, ख्याला, मायापुरी इलाकों में हिंसा की है। नंद नगरी और गोकुलपुरी में दो बसों में आग लगा दी गई है। जहांगीरपुरी और ख्याला में डीटीसी बसें फूंक दी गई हैं। यहां से पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा है। आगजनी और तोड़फोड़ में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उग्र समर्थकों ने आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर खड़ी रीवा एक्सप्रेस की दो खाली बोगियों को भी आग के हवाले कर दिया है। बाबा के भक्तों ने गाजियाबाद के लोनी में भी तांडव किया है। यहां भी बसें फूंक दी गई हैं। दिल्ली-एनसीआर में बाबा के भक्त जगह-जगह इकट्ठा हो रहे हैं। ऐसे में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। सीएम केजरीवाल ने लोगों से शांति की अपील की है।
आनंद विहार पर खड़ी रीवा एक्सप्रेस की दो खाली बोगी में लगाई आग
चंडीगढ़ कोर्ट द्वारा बाबा राम रहीम को रेप के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद समर्थकों के हिंसा की आग दिल्ली एनसीआर तक पहुंच गई है। दिल्ली के मायापुरी, नंद नगरी, गोकुलपुरी, ख्याला, आनंद विहार में हिंसा की खबर है। नंद नगरी और गोकुलपुरी में बाबा के भक्तों ने दो बसों में आग लगा दी है। बाबा के समर्थकों ने आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर खड़ी रीवा एक्सप्रेस के दो खाली बोगियों में भी आग लगा दी है। गाजियाबाद के लोनी में भी एक बस फूंक दी गई है। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। बाबा राम रहीम पर फैसले को ले कर पुरे प्रदेश भर में अलर्ट जारी है। इसी के मद्देनज़र शहर में भी पुलिस ने सुरक्षा में पुख्ता इंतजाम इंतजाम किये है। शुक्रवार को पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए शहर में मार्च भी निकाला। काफिले की अगुवाई स्वयं पुलिस आयुक्त और जिला उपायुक्त ने की।
पुलिस मुख्यालय पर कानून व्यवस्था के नोडल ऑफिसर सिमरदीप सिंह ने जवानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा की पुलिस का उद्देश्य शहर में शान्ति बनाए रखना है। जवानों को यदि कोई लोगो का समूह मिलता है चाहे वो किसी भी धरम से सम्बंधित हो और शहर की शांति भंग करने का प्रयास कर रहा हो उसे तुरंत खदेड़ दे। इसके लिए यदि बल का प्रयोग भी करना पड़े तो वो पीछे न हटे। मार्च पर निकलने से पहले उन्होंने जवानों से उपकरणों की कमी के बारे में भी पूछा। जो भी कमी थी उसे तुरंत पूरा करवाया। पुलिस मुख्यालय से करीब ४५० जवान गाडियों में शहर का दौर करने अधिकारियों के साथ निकले। काफिले में अधिकारियों की सरकारी गाडी के साथ साथ रोडवेज की बस, कैंटर में जवान शामिल थे।