पुडुचेरी, पुडुचेरी की उप-राज्यपाल किरण बेदी शुक्रवार रात को सड़क पर निकलीं और महिलाओं की सुरक्षा का जायजा लिया। शुक्रवार रात को किरण बेदी ने स्कूटर की पिछले सीट पर गोपनीय तरीके से सवारी की। फोटो में किरण बेदी स्कूटर पर पीछे बैठी हुई हैं और उन्होंने दुपट्टे से अपना मुंह छिपा रखा है। बाद में किरण बेदी ने ट्वीट कर कहा कि उन्हें लगता है कि पुडुचेरी में महिलाएं रात में भी सुरक्षित हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि वह कुछ उपाय अपनाने के सुझाव देंगी, जिनसे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकेगा। शहर में घूमने के क्रम में उप-राज्यपाल किरण बेदी एक महिला के साथ स्कूटर के पीछे बैठी हैं। वह सिर पर दुपट्टा ओढ़कर अपनी पहचान छुपाने की कोशिश कर रही हैं। जिससे लोग उन्हें पहचान नहीं सकें। इस गोपनीय दौरे के बारे में पुडुचेरी पुलिस और प्रशासन को भी जानकारी नहीं थी। उपराज्यपाल किरण बेदी ने यह दौरा बेहद गोपनीय रखा था। किरण बेदी ने बाद में कहा कि स्कूटर की सवारी के जरिए वह जानना चाहती थीं कि पुडुचेरी में सड़कों पर रात के समय महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति कैसी है।
अगर कहीं खामियां हैं, तो उन्हें दुरुस्त कैसे किया जा सकता है। हालांकि तस्वीरों में किरण बेदी स्कूटर की वारी कर रही हैं, लेकिन उन्होंने नियमों के तहत आवश्यक हेलमेट नहीं पहन रखा है। गौरतलब है कि किरण बेदी खुद एक पूर्व आईपीएस अधिकारी रही हैं। किरण बेदी भारतीय पुलिस सेवा की सेवानिवृत्त अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, भूतपूर्व टेनिस खिलाड़ी और राजनेता हैं। साल 1972 में भारतीय पुलिस सेवा में सम्मिलित होने वाली वे प्रथम महिला अधिकारी हैं। 35 साल तक सेवा में रहने के बाद सन 2007 में उन्होने स्वैच्छिक सेवानिवृति ले ली। उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए अपनी कार्य-कुशलता का परिचय दिया है। वे संयुक्त आयुक्त पुलिस प्रशिक्षण तथा दिल्ली पुलिस स्पेशल आयुक्त (खुफिया) के पद पर कार्य कर चुकी हैं। बता दें कि पुडुचेरी एक केंद्र शासित प्रदेश है। 2016 में वहां विधानसभा चुनाव हुए थे। जिसमें कांग्रेस-डीएमके गठबंधन ने 30 सदस्यीय विधानसभा में 17 सीटें जीत कर बहुमत हासिल किया था। इसके बाद सी नारायणसामी मुख्यमंत्री बनाए गए थे। मई महीने में पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने राज्य की 23वीं उपराज्यपाल के तौर पर पर कार्यभार संभाला था। तभी से उप-राज्यपाल और मुख्यमंत्री सी नारायणसामी के बीच तनाव है।
स्कूटर पर बैठ बेदी ने किया भ्रमण, देखी महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति
