नई दिल्ली,सेना प्रमुख बिपिन रावत लद्दाख जा रहे हैं। रविवार से शुरू हो रही 3 दिन की अपनी लद्दाख यात्रा के दौरान बिपिन रावत चीनी सीमा पर भारतीय सैनिकों की तैयारियों का जायजा लेंगे। वे टॉप कमांडरों के साथ सुरक्षा मसलों पर चर्चा भी करेंगे।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी मासांत में लद्दाख की पहली आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। वह सेना के एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। पैंगॉन्ग पर हाल में ही भारतीय और चीनी नौका गश्ती दल के बीच झड़प देखने को मिली। मंगलवार को पैंगॉन्ग झील के फिंगर-6 हिस्से के पास भारतीय और चीनी सैनिक आमने-सामने हुए थे। भारत ने लद्दाख सीमा पर पैंगॉन्ह झील के पास भारतीय व चीनी जवानों में हुई झड़प की पुष्टि भी की थी।
चीनी जवानों ने पैंगॉन्ग झील के पास वास्तविक नियंत्रण रेखा पार करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें भारतीय जवानों ने रोक दिया। इसे लेकर तेज झड़प हुई और सैनिकों में एक घंटे से ज्यादा समय तक गतिरोध चला जिस दौरान दोनों देशों के सैनिकों ने पथराव किया।
डोकलाम में विवाद के बाद से चीनी सेना लगातार उकसावे की कार्रवाई कर रही है। लद्दाख के अलावा उत्तराखंड के चमोली में भारत-चीन बॉर्डर पर चीन सैनिकों के हस्तक्षेप का मामला सामने आ चुका है। पिछले महीने चीनी सैनिकों ने यहां भारतीय चरवाहों को धमकाकर भगा दिया था। इसके बाद आईटीबीपी के जवानों ने बॉर्डर क्षेत्र में अपने जवान बढ़ा दिए हैं। साथ ही पुराने बंकरों की मरम्मत भी शुरू की है।
सेना प्रमुख बिपिन रावत लद्दाख जाएंगे
