मुंबई, खबर है कि महाराष्ट्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नारायण राणे 27 अगस्त को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की मुंबई यात्रा के दौरान भाजपा में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस संगठन में हाल के दिनों में उनकी स्थिति कमजोर हुई है। सूत्रों के अनुसार उन्होंने अपनी जगह फिर से हासिल करने की बहुत कोशिशें कीं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। लिहाजा उन्होंने भाजपा का दामन थामने का मन बना लिया है।
इसी साल अप्रैल में राणे ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि राणे भाजपा के साथ जा सकते हैं। सूत्र बताते हैं कि महाराष्ट्र की राजनीति के बड़े सितारे नारायण राणे और उनके समर्थकों को भाजपा से जोड़कर अमित शाह एक तीर से दो निशाने साधने की कोशिश कर रहे हैं। राणे के भाजपा में आने पर जहां एक तरफ कांग्रेस कमजोर होगी, वही शिवसेना के सामने भाजपा का पलड़ा और भारी हो जाएगा। नारायण राणे एक समय खुद शिवसेना के बड़े सितारे रह चुके हैं। जाहिर है, शाह ने सियासी शतरंज की बिसात पर एक बड़ी चाल चली है। इसकी धमक अभी से महाराष्ट्र में सुनाई पड़ने लगी है।
भाजपा में शामिल हो सकते हैं कांग्रेस के नारायण राणे
