समाज सेवा के लिये समय जरूर निकाले-शिवराज

भोपाल/लखनऊ/रायपुर /जयपुर/मुंबई,देश भर में आज स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया जा रहा है। राज्यों की राजधानियों में विशेष समारोह आयोजित कर झंडावंदन किया गया। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान,यूपी में योगी आदित्यनाथ,महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस,राजस्थान में वसुंधराराजे और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री रमन सिंह ने झंडावंदन कर परेड की सलामी ली।
झंडा वंदन कर शिवराज शौर्य स्मारक गये। उन्होंने देश की रक्षा करते हुये शहीद हुए वीर जवानों का पुण्य स्मरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राष्ट्रपति उत्कृष्ट सेवा मेडल, विशिष्ट सेवा, मुख्यमंत्री विशिष्ट पुरस्कार से पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया। एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सशक्त और संपन्न भारत की सोच को जमीन पर उतारने के लिये हर नागरिक को अपना योगदान देने आगे आना होगा। उन्होंने नागरिकों का आव्हान किया कि वे प्रदेश को गरीबी-मुक्त प्रदेश बनवाने में सहयोग करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश को तेजी से आगे बढ़ाने के लिये सभी के साझा प्रयासों की जरूरत है। उन्होंने नागरिकों का आव्हान किया कि वे समाज कल्याण के किसी भी क्षेत्र में स्वेच्छा से काम करने के लिये माह में एक बार कम से कम दो घंटे का समय निकाले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी गरीब बिना जमीन के नही रहेगा। प्रत्येक गरीब के पास रहने लायक जमीन होगी। वह जमीन का मालिक होगा। उन्होंने कहा कि 2022 तक हर गरीब के पास अपनी छत होगी। अगले साल तक शहरी क्षेत्रों में पाँच लाख और ग्रामीण क्षेत्रों में 15 लाख मकान बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान कोष में वृद्धि की गई है ताकि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद को सहायता मिल सके।
तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिये चरण पादुका
चौहान ने कहा कि महुआ बीनने वाले आदिवासी संग्राहकों के हित के लिये समर्थन मूल्य पर महुए की खरीदी की जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिये चरण पादुका योजना शुरू की गयी है। इसमें उन्हें जूते पहनाये जाते है और पानी की कुप्पी दी जाती है। वन-ग्रामों में रहने वाले आदिवासी समुदाय के लिये दीनदयाल वनांचल सेवा शुरू की गयी है। गरीबों के लिये सभी प्रकार की सुविधायें दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में किये गये नवाचार की चर्चा करते हुये कहा कि स्कूलों में नागरिकों की भागीदारी से शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार के लिए शुरू किया गया “मिल-बाँचें मध्यप्रदेश” का दूसरा चरण 26 अगस्त को शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्रों की इंजीनियरिंग, मेडिकल आदि की पढ़ाई का खर्च सरकार उठाएगी। केंद्रीय बोर्ड को भी इस योजना में शामिल करते हुए अंकों की सीमा 85 प्रतिशत रखी गई है।
पांच लाख युवाओं को नौकरियाँ देने एमओयू
महिला सशक्तिकरण की चर्चा करते हुये उन्होंने कहा कि 25 लाख लाड़ली लक्ष्मी पंजीकृत हुई है। महिलाओं को स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है और सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। पुलिस बल में महिलाओं की भर्ती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। महिलाओं की आर्थिक समृद्धि के लिये उनके स्व-सहायता समूहों को भी आगे बढ़ाया गया है।
65 पुलिस अधिकारी राष्ट्रपति पदक से सम्मानित
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में 65 अधिकारियों को राष्ट्रपति अलंकरण राष्ट्रपति पदक प्रदान किये। विशिष्ट सेवा के लिये 9 राष्ट्रपति पुलिस पदक, सराहनीय सेवाओं के लिये 33, जेल विभाग के लिये राष्ट्रपति का 01 विशिष्ट सेवा एवं 01 सराहनीय सेवा पदक, होमगार्ड तथा नागरिक सुरक्षा के लिये राष्ट्रपति का 01 विशिष्ट तथा 09 सराहनीय सेवा पदक और पिस्टल/रिवाल्वर प्राप्तकर्ता 09 एवं 12-बोर पी.ए.जी. प्राप्तकर्ता 02 पुलिस अधिकारियों को पदक प्रदान किये गये ।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी चल-समारोह में हुए शामिल
चौहान ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर बरखेड़ी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से कामना करते हुये कहा कि प्रदेशवासियों की जीवन में सुख-समृद्धि आये। सभी सुखी और निरोग रहें तथा प्रदेश विकास की दौड़ में सबसे आगे रहे, जिससे देश विश्व गुरु बने। इसके पहले वे जन्माष्टमी चल समारोह में शामिल हुये। इस दौरान श्रीमती साधना सिंह भी मौजूद थीं।
आदर्श राज्य के रूप में छत्तीसगढ़ ने बनायी पहचान
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि जनता की मेहनत, लगन और राष्ट्रभक्ति से छत्तीसगढ़ अपने नये प्रयोगों और जनहितकारी विकास योजनाओं के कारण एक आदर्श राज्य के रूप में पूरे देश में अपनी पहचान बनाने में सफल हुआ है। उन्होंने कहा-मुझे विश्वास है कि हम सब मिलकर तेज गति से राज्य को समृद्ध और खुशहाल बनाने में भी सफल होंगे। मुख्यमंत्री आज सवेरे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में जनता को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने समारोह में ध्वजारोहण किया, पुलिस, विशेष सशस्त्र बल, होमगार्ड के जवानों तथा राष्ट्रीय कैडेट कोर (एन.सी.सी.), राष्ट्रीय सेवा योजना और भारत स्काउट्स एवं गाईड्स के विद्यार्थियों की संयुक्त परेड की सलामी ली।
यूपी से आतंक और जातिवाद का हो सफाया
लखनऊ,सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी को स्वच्छ, श्रेष्ठ प्रदेश बनाने के साथ ही गरीबी,भ्रष्टाचार,आतंकबाद,सम्प्रदायबाद एवं जातिवाद को समाप्त करने की दिशा में प्रयास किया जायेगा। सीएम ने कहा कि लोग यूपी के नवनिर्माण का संकल्प लेकर मन,वचन और कर्म से जुड़ जाये।
हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया
जयपुर, प्रदेश भर में मंगलवार को 71 वां स्वाधीनता दिवस उमंग और हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने ध्वजारोहण किया। राज्य के जिला मुख्यालयों पर मंत्रीपरिषद के सदस्यों व जिला कलक्टरों ने झण्डारोहण कर परेड का निरीक्षण किया एवं मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर विभिन्न जिला मुख्यालयों पर आयोजित समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया गया। जिला स्तरीय समारोह में प्रदेश की जनता के नाम राज्यपाल के सन्देश का पठन भी किया गया।
देश में बड़ा परिवर्तन हो रहा
मुंबई,मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने झंडावंदन कर कहा कि 70 साल की आजादी के बाद, देश में एक बड़ा परिवर्तन हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा new india की अवधारणा प्रस्तुत की जा रही है। 2022 में देश की आजादी के 75 साल पूरा होंगे । इस लिए अगले 5 वर्षों में चलने के लिए, प्रत्येक नागरिक को इसके गठन के लिए योगदान देना चाहिए। तो भारत को दुनिया की महाशक्ति बनने से कोई रोक नहीं सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *