पिथौरागढ़,उत्तराखंड में पिथौरागढ़ के पास बादल फटने के बाद 7 लोग लापता हो गए है। इन सात लोगों में 4 एसएसबी के जवान और 3 स्थानीय लोग हैं। बादल फटने की खबर के बाद कैलाश मानसरोवर की यात्रा रोक दी गई है। मालपा में 3 लोगों के शव भी बरामद हुए हैं.। एसएसबी के 4 जवान और एक जेसीओ पंगाटी नाला से बचाए गए हैं। धारचुला से सेना बचाव दल मौके पर पहुंच गया है। वहीं मांगती में 2 पुल बह गए हैं। काली नदी खतरे के निशाने से ऊपर चल रही है। अलागढ़ में रोड ब्लॉक हो गया है। प्राकृतिक आपदा का असर देश के कई हिस्सों में देखने को मिला है। हिमाचल प्रदेश के मंडी में भी भूस्खलन की चपेट में आने से कई लोगों की जान चली गई है। अब तक मरने वालों की संख्या 46 हो गई है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। अधिकारियों के मुताबिक बाढ़ से कई बस्तियां प्रभावित हुई हैं। नदियों के खतरे के निशान से ऊपर होने की वजह से कई इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए। नेपाल के चितवन जिले के सौराहा इलाके में बाढ़ की वजह से करीब छह सौ पर्यटक फंसे हुए हैं। इनमें 200 भारतीय शामिल हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। बताया जा रहा है कि नदियों का पानी कई होटलों में घुस गया है. जिले के मुख्य अधिकारी और नेपाल पर्यटन बोर्ड को हालात की जानकारी देकर इन फंसे लोगों को निकालने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
UK में बादल फटने से 7 लापता, 3 शव बरामद
