कैंडी, भारत ने श्रीलंका के बीच खेले गए तीसरे टेस्ट मैच को भारतीय टीम ने एक पारी और 171 रनों से जीतने के साथ ही कई नये रिकार्ड भी अपने नाम किये हैं। इसी के साथ भारतीय टीम ने लगातार आठवीं सीरीज जीती है और वह ऑस्ट्रेलिया के सबसे अधिक लगातार नौ टेस्ट सीरीज की जीत के रिकार्ड से केवल एक सीरीज ही पीछे है।
पहली बार विदेश में जीते सभी टेस्ट
तीनों टेस्ट जीतने के साथ ही भारत ने 85 साल में पहली बार विदेशी जमीन पर क्लीन स्वीप करने का रिकॉर्ड बनाया है। टीम इंडिया इससे पहले कभी भी विदेशी धरती पर क्लीन स्वीप नहीं कर सकी थी पर कोहली की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका को 3-0 से हराकर इस उपलब्धि को अपने नाम कर लिया।
11 साल बाद किसी भी मेहमान टीम को मिल ऐसी सफलता
मेहमान टीम भारत ने मेजबान श्रीलंका को 3-0 से हराया। इससे पहले साल 2006 में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने दक्षिण अफ्रीका को उन्हीं की धरती पर 3-0 से हराया था। उसके बाद से लेकर अब तक कोई भी टीम विदेश में जाकर विरोधी टीम को नहीं हरा सकी थी।
3-0 से हराने वाली दूसरी टीम बनी टीम इंडिया
श्रीलंका को 3-0 से हराने के साथ ही भारतीय टीम श्रीलंका को उसी की जमीन पर 3-0 से हराने वाली दूसरी टीम बन गयी है। भारत से पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2004 में श्रीलंका को 3-0 से हराया था। श्रीलंका में आखिरी पांच टेस्ट में टीम इंडिया जीती है और इसके साथ ही श्रीलंका को उसी की ध्ररती पर लगातार दो बार पारी के अंतर से हराने का रिकार्ड भी उसके नाम पर दर्ज है।
विराट ने धोनी को पीछे छोड़ा
विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने अपने टेस्ट मैचों के 85 साल के इतिहास में पहली बार विदेशी धरती पर सीरीज के सभी मैच जीतने के साथ ही कई अन्य रिकार्ड भी बनाये हैं। कोहली की कप्तानी में भारत ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार श्रीलंका की धरती पर लगातार दो सीरीज जीती हैं। इससे पहले टीम ने साल 2015 में कोहली की कप्तानी में श्रीलंका के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली थी। इस दौरान भारत ने श्रीलंका को उन्हीं की जमीन पर 2-1 से हराकर 22 साल बाद सीरीज पर कब्जा किया था। इसी के साथ विदेशी धरती पर जीतने के मामले में विराट कोहली ने पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी को भी पीछे छोड़ दिया है। इस जीत के साथ विदेशी सरजमीं पर विराट कोहली ने सातवीं टेस्ट जीत हासिल कर ली है। वहीं धोनी की कप्तानी में भी टीम इंडिया ने विदेश में 6 जीत हासिल की थी। इसके अलावा विराट की कप्तानी में टीम इंडिया ने लगातार 8 वीं टेस्ट सीरीज जीती है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ही अब विराट कोहली से इस मामले में आगे हैं, जिनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने लगातार 9 सीरीज जीती थी।