भोपाल, प्रदेश भाजपा ने विधानसभा चुनाव करीब आते ही इसकी तैयारी भी जोरशोर से शुरु कर दी है। भाजपा अपने एक लाख कार्यकर्ताओं को अंत्योदय समितियों में पदाधिकारी नियुक्त कर उन्हें सीधे सत्ता में भागीदारी देने की तैयारी कर रही है। साढे तीन साल से जिलों से लेकर पंचायत स्तर तक अंत्योदय समितियां खाली पड़ी है। प्रदेश संगठन ने अब तक 35 जिलों के पदाधिकारियों के नाम फायनल कर सरकार को भेज दिए हैं। इनके जल्द आदेश जारी होने की संभावना है। भाजपा 18 अगस्त से होने वाले पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के आगमन की तैयारियों में जुट गई है। हाल ही में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने प्रदेश पदाधिकारियों समेत मोर्चा, प्रकोष्ठ के अध्यक्षों की बैठक आयोजित की। उन्होंने बैठक में कहा कि जिन प्रकोष्ठों की कार्यकारिणी अभी तक घोषित नहीं हुई है। वे जल्द इसे घोषित कर दें। उन्होंने कहा कि सभी मोर्चा-प्रकोष्ठ अपने अपने कामों की पूरी सूची तैयार करें। उन्होंने कहा कि शाह क्रास सवाल भी कर सकते हैं, प्रदेश संगठन की साख उनके सामने और ऊंची हो इसके लिए सभी पदाधिकारी और मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष बेहतर से बेहतर तैयारी करें।
प्रदेश में तीसरी बार भाजपा के सत्ता में आने के बाद से जिला, नगरीय निकाय समेत जिला, जनपद और ग्राम पंचायत में दीनदयाल अंत्योदय समितियों का गठन नहीं हुआ है। जिलास्तर पर बनने वाली समितियों में प्रभारी मंत्री अध्यक्ष होता है, इसके अलावा उपाध्यक्ष सहित समिति में 25 सदस्य होते हैं। इसी तरह नगरीय निकाय में एक दर्जन और पंचायतों में एक दर्जन तक सदस्य मनोनीत किये जाते है। इस संबंध में प्रदेश भाजपा कार्यालय प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री अजय प्रताप सिंह का कहना है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 18 अगस्त से भोपाल आ रहे हैं। उनके दौरे से पहले पार्टी सरकार में खाली पड़े सभी अशासकीय पदों पर भाजपा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति करना चाहती है।
अंत्योदय समितियों में भाजपा कार्यकर्ता होंगे नियुक्त
