तिरुअनंतपुरम, 51 साल की महिला से दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने के एक मामले में केरल पुलिस ने कांग्रेस विधायक एम विन्सेंट को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। विन्सेंट पर महिला का पीछा करने, दुष्कर्म करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। महिला ने आत्महत्या की कोशिश की थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने गिरफ्तारी से पहले विन्सेंट से पूछताछ भी की है। विधायक की हरकतों और यौन प्रताडऩा से तंग आकर महिला ने बलरामपुरम में आत्महत्या की कोशिश की। वहीं, विन्सेंट ने आरोपों को बेबुनियाद बताया और जांच में सहयोग की बात कही है। साथ ही इसे अपने खिलाफ साजिश भी करार दिया है।
पुलिस कमिश्नर, कोल्लम अजीता बेगम ने बताया कि फिलहाल महिला का इलाज नेय्यातिनकारा के हॉस्पिटल में चल रहा है। मजिस्ट्रेट ने वहां जाकर उसका बयान दर्ज किया, जिसके बाद विधायक पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया। महिला के पति ने विधायक विन्सेंट पर आरोप लगाए कि वे आए दिन फोन करके उसे धमकियां देते थे, जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस को इस मामले से जुड़ी रिकॉर्डिंग भी मिली है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है।
महिला से दुष्कर्म के आरोप में कांग्रेस विधायक गिरफ्तार
