गुरुग्राम,अभिनेता रणबीर कपूर की चर्चित फिल्म ‘जग्गा जासूस’ की अभिनेत्री बिदिशा बेजबरुआ गुरुग्राम (गुड़गांव) स्थित अपने किराए के आवास में संदिग्ध परिरिस्थितियों में पंखे से लटकी पाई गई हैं| असम मूल की 30 वर्षीय बिदिशा बेजबरूआ अभिनेत्री के साथ-साथ अच्छी गायिका भी थीं|
बिदिशा वेजबरुआ का शव गुरुग्राम के पॉश इलाके सुशांत लोक स्थित उनके आवास में रहस्यमय परिस्थिति में पाया गया है| उनके शव के पास से आत्महत्या पूर्व बयान नहीं पाया गया है| बिदिशा बेजबरुआ हाल ही में मुंबई से गुरुग्राम आई थीं| पुलिस उपायुक्त (पूर्व) दीपक सहारन ने बताया कि बेजबरुआ गुड़गांव स्थित जिस किराये के घर में पंखे से लटकी पाई गईं हैं, उसे उन्होंने हाल ही में किराये पर लिया है| दीपक सहारन ने बताया कि वेजबरुआ सोमवार की शाम से फोन नहीं उठा रही थीं| इस लिए उनके पिता ने किसी अनहोनी की आशंका से पुलिस से संपर्क कर उसका स्थानीय पता साझा कर उसकी खबर लेने का आग्रह किया| इसके बाद पुलिस जब वहां पहुंची, तो उनके आवास का मुख्य द्वार अंदर से बंद था| पुलिस ने जब दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तो वेजबरुआ पंखे से लटकी हुई दिखाई दीं|
पुलिस अधिकारी दीपक सहारन ने बताया कि वेजबरुआ के पिता ने अपनी शिकायत में कहा है कि बेजबरुआ ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन उसके अपने पति से अच्छे संबंध नहीं थे| उनके बीच अक्सर ही लड़ाई होती रहती थी| जांच दल उसके मोबाइल फोन, फेसबुक और सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट की बातचीत की जांच कर रही है| सहारन ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है| प्रारंभिक जांच में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है| इस मामले में पुलिस उनके पति से भी पूछताछ करेगी| इसी बीच असम के मुख्यमंत्री सर्वानन्द सोनोवाल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से इस नवोदित अभिनेत्री की असामयिक मौत की जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है|
रहस्यमय परिस्थिति में पंखे से लटकी मिलीं अभिनेत्री वेजबरू,पति गिरफ्तार
