भोपाल,आरएसएस के सरकार्यवाह भैयाजी जोशी ने सरकार की बदइंतजामी पर को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि रिसर्च के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए जाते हैं। लेकिन, गांव में बुखार की गोली तक उपलब्ध नहीं है। हम लोगों की न्यूनतम आवश्यकताओं को पूरा करने में लगे हैं, जबकि उनमें आत्मविश्वास पैदाकर उन्हें स्वावलंबी बनाना चाहिए।
आरएसएस के सेवा विभाग की वेबसाइट सेवागाथा के लोकार्पण कार्यक्रम में जोशी ने नेताओं को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि नेताओं ने सेवा शब्द को सस्ता कर दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसमें अपवाद हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लोग वोट मिलने पर ही सेवा की बात करते हैं। उन्होंने उदाहरण से समझाया कि एक नेता वोट मांगने गए तो कहने लगे कि सेवा का मौका दीजिए। हार गए तो घर बैठ गए। जब पूछा तो कहने लगे कि जनता ने चुना ही नहीं तो सेवा क्यों? समाज के अपने लोगों की पीड़ा और वेदना समझने के लिए मन संवेदनशील होना चाहिए। जोशी ने उस धारणा को गलत बताया जिसमें कहा गया कि संघ में महिलाओं के लिए कोई जगह नहीं है।
अच्छे और बुरे के बीच संघर्ष जारी
इस अवसर पर चौहान ने कहा कि समाज के भीतर निष्काम भाव से संघ सेवाकार्य कर रहा है। इस समय अच्छे और बुरे के बीच संघर्ष चल रहा है। संघ विद्याभारती, सेवाभारती, भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ जैसे अनुषांगिक संगठन इसमें जुटे हैं। भोपाल में ही मातृछाया और आनंदधाम जैसे अनूठे प्रयास सेवाभारती द्वारा संचालित किए जा रहे हैं।
रिसर्च में करोड़ों खर्च, गांव में बुखार की गोली नहीं,बदइंतजामी पर बरसे भैयाजी जोशी
