सतना में तीन युवकों को जिंदा जलाया,मुखबिरी के संदेह में हत्या जले शव बरामद

सतना,मध्य प्रदेश में एक बार फिर डकैतों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश की सीमा से सटे जंगलों में बड़ी वारदात हुई है। डकैत ललित पटेल गैंग ने तीन युवकों को जिंदा जला दिया। आशंका है कि मुखबिरी के शक के चलते डकैतों ने तीनों की हत्या की होगी। मृतकों में दो मध्यप्रदेश के सतना के रहने वाले है, जबकि तीसरे की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि सतना के नयागांव थाना क्षेत्र के थारपहाड़ गांव में रहने वाले मुन्ना यादव और टेढ़ी पतवनिया गांव के दादू वर्मा को ललित पटेल गैंग ने 30 जून को अगवा कर लिया था। मंगलवार सुबह दोनों के अलावा एक अन्य व्यक्ति का शव बुरी तरह जली हालत में उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के थाना क्षेत्र के कोल्हुआ के जंगल में मिला है। कोल्हुआ का जंगल मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को जोड़ता है।
दो गैंग में वर्चस्व की लड़ाई
उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा से सटे इलाकों में डकैत ललित पटेल और गोप्पा यादव के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। बताया जा रहा है कि ललित पटेल गैंग को शक था कि मुन्ना यादव और दादू वर्मा दोनों उसके विरोधी गैंग के लिए मुखबिरी करते है। इसी आशंका के चलते हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। जंगल में तीन शव मिलने के बाद दोनों राज्यों की सीमा से लगे तराई इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं, डकैतों से मिली चुनौती के बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने जंगल से सटे इलाकों में सर्चिंग तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *