जबलपुर,प्री-मानसूनी गतिविधियोंं के चलते मौसम प्रभावित हुआ है। रविवार को आसमान पर प्री-मानसूनी हलचल देखने को मिली। सुबह से लेकर शाम तक आसमान बादलों की चादर से लिपटा रहा। लेकिन बारिश नहीं हुई हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून गोवा से आगे बढक़र महाराष्ट्र तक पहुंच चुका है और अगले एक हफ्ते मे मध्य प्रदेश में मानसून दस्तक दे देगा। तापमान में गिरावट आने से गर्मी कम जरूर हुई लेकिन उमस अभी बरकरार है। अगले २४ घंटों के दौरान छुटपुट वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से उठा मानसून महाराष्ट्र पहुंच गया है। मुम्बई में अच्छी बारिश हो रही है जिसकी हलचल मध्य प्रदेश के आसमान पर दिखने लगी है। बादल छा रहे हैं और तापमान नीचे आ गया है। भीषण गर्मी से लोगों को राहत जरूर मिली है लेकिन उमस अभी परेशान कर रही है। रविवार को दिनभर आसमान पर बादल छाये रहे बारिश होने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन जिस कदर बादल छाये उस कदर पानी नही गिरा।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के प्रवक्ता ने बताया कि जहां तक आसमान में हवा के कम दबाव का क्षेत्र है, वह स्थानीय बादलों से ही बन रहा है। इसलिए फिलहाल छुटपुट वर्षा ही हो सकती है। पिछले २४ घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान ३३.३ डिग्री सेल्सियस सामान्य से ६ डिग्री कम और न्यूनतम तापमान २६.७ डिग्री सेल्सियस सामान्य दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल ७७ प्रतिशत और सायंकाल ५२ प्रतिशत आंकी गई। अगले २४ घंटों के दौरान संभाग के अनेक स्थानों पर गरज चमक के साथ छुटपुट वर्षा हो सकती है। सूर्योदय ५.२४ पर और सूर्यास्त शाम ६.५६ बजे हुआ। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान ४१.३ और न्यूनतम तापमान ३१.३ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। १ जून से अब तक कुल वर्ष ४०.९ मिली मीटर दर्ज की जा चुकी है।
मुम्बई तक पहुंचा मानसून
