बुरहानपुर, पहले प्यार फिर इकरार, इजहार और शादी के बाद बेवफाई एक शख्स को महंगी पड़ गई। दूसरी पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने उसे मंडप से उठाकर सीधे हवालात पहुंचा दिया। पहली पत्नी को तलाक देने के बाद प्रेम विवाह करने वाला यह शख्स तीसरी शादी की तैयारी कर रहा था। उसी वक्त दूसरी पत्नी चार साल की बेटी के साथ पुलिस लेकर पहुंच गई। पूरा माजरा समझने के बाद पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में ले लिया। मामला मध्यप्रदेश के बुरहानपुर का है। यहां मुंबई के कल्याण में रहने वाला दिनेश बक्षराम तीसरी शादी करने के लिए पहुंचा था। शादी की सारी तैयारियां हो चुकी थी। दिनेश दूल्हा बन मंडप में बैठा था। तभी बेटी के साथ पहुंची दूसरी पत्नी ने हंगामा कर दिया। महिला का आरोप था कि दिनेश ने 2012 में उससे शादी की थी। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग था, जो बाद में शादी के रिश्ते में बदल गया। महिला का आरोप है कि दोनों के बीच किसी बात पर विवाद होने की वजह से वह अलग रहने लगी थी। महिला ने बताया कि, दिनेश कुछ वक्त तक उसे भरण पोषण की राशि भेजता था। लेकिन कुछ समय से उसने रुपए भेजना बंद कर दिया था। महिला ने पुलिस को बताया कि दिनेश का यह तीसरा विवाह हैं। नेवी में जॉब करने के कारण उसने अपनी पहली पत्नी को तलाक दे दिया था। काफी देर तक हंगामा चलने के बाद पति और पत्नी में लिखित में समझौता हुआ, जिसके बाद पुलिस ने दूल्हे दिनेश को छोड़ दिया।
तीसरी बीवी की ख्वाहिश,फेरे से पहले हवालात पहुंचे दूल्हे राजा
